न्यूज
पीएम मोदी-लक्सन ने ऑकलैंड में खेल प्रदर्शनी का किया दौरा, गाला लंच में हुए शामिल
jantaserishta.com
11 July 2026 11:53 AM IST

x
ऑकलैंड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने शनिवार को ऑकलैंड में खेल उपकरणों की अभिनव प्रदर्शनी का अवलोकन किया और एक भव्य गाला लंच (दोपहर का भोज) में भी भाग लिया।
दोनों नेताओं ने न्यूजीलैंड के सम्मानित खिलाड़ियों और उच्च प्रदर्शन वाले खेलों (हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स) से जुड़े अन्य हितधारकों के साथ भी बातचीत की। यह जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने दी। एमईए के अनुसार, दोनों देशों के बीच खेल सहयोग के 100 वर्षों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान संपन्न हुई स्पोर्ट्स जॉइंट एक्शन प्लान दोनों देशों के बीच क्रिकेट से आगे बढ़कर खेल सहयोग को नई दिशा देगी।
एमईए ने कहा, "यह यात्रा खेल सहयोग को और अधिक व्यापक बनाने की दोनों देशों की इच्छा के अनुरूप थी, विशेष रूप से ऐसे समय में जब भारत वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) की मेजबानी की तैयारी कर रहा है।"
प्रधानमंत्री लक्सन द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में आयोजित विशेष गाला लंच, जिसका विषय "भारत-न्यूजीलैंड: एक विजयी साझेदारी" था, में राजनीति, व्यापार, उद्योग, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, खेल और कला जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच मौजूद परस्पर पूरकताओं और लंबे समय से चले आ रहे जन-से-जन संबंधों का उल्लेख किया। एमईए के अनुसार, "उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी (स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप) के स्तर तक पहुंचाए जाने का स्वागत किया और विश्वास व्यक्त किया कि इससे दोनों देशों के बीच जारी सहयोग और अधिक गहरा होगा। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड समय में संपन्न हुआ भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों के व्यवसायों, युवाओं और किसानों के लिए नए अवसर खोलेगा तथा वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगा।"
अपने स्वागत भाषण में प्रधानमंत्री लक्सन ने भी भारत और न्यूजीलैंड के बीच गहरे और स्थायी संबंधों पर प्रकाश डाला तथा द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और साझा समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों की साझा दृष्टि प्रस्तुत की।
गाला लंच के बाद विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "दोनों नेताओं ने भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाए जाने का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में संपन्न एफटीए से व्यवसायों, युवाओं और किसानों के लिए बनने वाले अवसरों का उल्लेख किया और कहा कि इससे वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी।"
Tagsऑकलैंड
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





