न्यूज
राजद के दुष्प्रचार में न फंसे बिहार की जनता, सुरक्षित है खजाना: राजीव रंजन
jantaserishta.com
11 Jun 2026 12:21 PM IST

x
पटना: जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कई मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने बिहार की वित्तीय स्थिति, अंतरराष्ट्रीय हालात, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल और पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर भी अपनी राय व्यक्त की।
बिहार के वित्तीय संकट से जूझने संबंधी तेजस्वी यादव के दावे को खारिज करते हुए राजीव रंजन ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से किसी भी निधि का प्रावधान बजटीय उपबंध के तहत विधानमंडल की मंजूरी से किया जाता है और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर निर्णय भी लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के खजाने को लेकर राजद के अफवाहों के जाल में फंसने की जरूरत नहीं है। यह राज्य अब ट्रेजरी लूट के दौर से उबर चुका है। यही कारण है कि 25 हजार करोड़ रुपये के बजट से आगे बढ़कर बिहार का बजट सवा तीन लाख करोड़ रुपए से अधिक तक पहुंच चुका है। तेजस्वी यादव ऐसी बातें कहकर लोगों को गुमराह करना चाहेंगे, लेकिन बिहार की जनता अब गुमराह होने के लिए तैयार नहीं है।
ओमान तट के पास एक ऑयल टैंकर पर अमेरिकी हमले के बाद तीन भारतीयों के लापता होने के मामले पर जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि भारत सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और अमेरिकी दूतावास को भी तलब किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज का संकट नहीं सुलझता, तब तक बेहद चौकस रहने की आवश्यकता है। ऊर्जा जरूरतों के कारण इस मार्ग पर हमारी निर्भरता है। लगातार कोशिशों के बावजूद अमेरिका और ईरान अपने मतभेद दूर नहीं कर पा रहे हैं। यह पूरी दुनिया के लिए चिंताजनक स्थिति है और दोनों पक्षों को सोच-समझकर निर्णय लेना होगा, अन्यथा यह संकट पूरी मानवता के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।
डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान पर हमले की चेतावनी और उसके बाद बढ़ते तनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए राजीव रंजन ने कहा कि हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमले शुरू हो चुके हैं। ईरान के कई शहरों में अमेरिका ने जिस तरह से कार्रवाई की है और दबाव बढ़ाया है, उससे साफ है कि अमेरिका और ईरान दोनों को उदारता दिखाते हुए समझौते की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। केवल दोनों देशों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के हित में यह जरूरी है। अन्यथा मुश्किलें सबकी बढ़ने वाली हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्षों के कार्यकाल पूरे होने पर डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा उन्हें बधाई दिए जाने पर जेडीयू प्रवक्ता ने इसे देश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि निसंदेह यह भारत की जनता के लिए महान उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उस पर हर भारतीय को गर्व है। यह कार्यकाल केवल समयावधि की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि बेशुमार उपलब्धियों के कारण भी याद किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कांग्रेस में विलय की अटकलों पर राजीव रंजन ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में टीएमसी की स्थिति कमजोर होती दिख रही है। उन्होंने कहा कि अब टीएमसी के पास बचा ही क्या है। उनके सांसद भी कभी भी पार्टी को अलविदा कहने के लिए तैयार हैं। विधायकों का बड़ा हिस्सा पहले ही ममता बनर्जी का साथ छोड़ चुका है। कांग्रेस ने भी पश्चिम बंगाल में टीएमसी को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। ऐसे में दोनों दलों के बीच समझौते की अटकलें समझ से परे हैं। लोगों को यह आशंका है कि यह केवल सांसदों को पार्टी छोड़ने से रोकने की एक कोशिश हो सकती है।
टीएमसी की राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव के इस्तीफे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अब यह जानना ज्यादा दिलचस्प होगा कि आखिर कौन बचा है। जो भी बड़े और चर्चित चेहरे हैं, वे धीरे-धीरे ममता बनर्जी का साथ छोड़ते नजर आ रहे हैं।
Tagsराजीव रंजन
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





