न्यूज

पार्थिव ने अभिषेक की बल्लेबाजी को सराहा, बोले- विदेशी परिस्थितियों में लगातार साबित कर रहे अपनी काबिलियत

jantaserishta.com
2 July 2026 12:57 PM IST
पार्थिव ने अभिषेक की बल्लेबाजी को सराहा, बोले- विदेशी परिस्थितियों में लगातार साबित कर रहे अपनी काबिलियत
x
नई दिल्ली: भारत के पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन को संतोषजनक बताया। उन्होंने अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी की जमकर प्रशंसा की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 189 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर ने बेहरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, लगातार बारिश होने की वजह से इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी करने नहीं उतर सकी और मैच को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा।
पार्थिव पटेल के अनुसार, भारत ने सतर्क रवैया अपनाने के बजाय अनजान परिस्थितियों में बैटिंग करने की चुनौती को स्वीकार किया। पटेल ने 'जियोस्टार' से कहा, "भारत के नजरिए से उन्हें इस तरह के बैटिंग प्रदर्शन की जरूरत थी, खासकर आयरलैंड में जो हुआ उसके बाद। वे खुद को चुनौती देना चाहते थे; वे जल्दी ही परिस्थितियों के अनुकूल ढलना चाहते थे, और भारत ने इस मैच में यह बहुत अच्छे से किया।"
उन्होंने आगे कहा, "इस पिच पर 190 रन अच्छा स्कोर था। खासकर जब बीच के ओवरों में तीन स्पिनर गेंदबाजी कर रहे थे, तब मुझे लगा कि भारत के पास बचाव करने के लिए पर्याप्त रन थे। हालांकि, इस जीत के बाद टीम इंडिया दूसरे टी20 मैच में और ज्यादा आत्मविश्वास के साथ उतरेगी।"
भारत के पूर्व क्रिकेटर ने अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की, और बाएं हाथ के इस खिलाड़ी को पिच के नेचर को जल्दी समझने और रन बनाने के मौकों का पूरा फायदा उठाने का श्रेय दिया। उन्होंने कहा, "मुझे लगा कि उन्होंने बहुत अच्छी बैटिंग की। उन्होंने परिस्थितियों को अच्छी तरह समझा। डरहम में थोड़ा स्पंजी बाउंस था, लेकिन उन्होंने यह पक्का किया कि जब भी मौका मिले तो वह उसका फायदा जरूर उठाएं।"
पटेल ने कहा कि अभिषेक शर्मा की पारी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने तेज गेंदबाजों और स्पिनरों, दोनों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा, "साकिब महमूद का वह ओवर मैच का अहम मोड़ था। अभिषेक ने आगे बढ़कर तीन शानदार चौके लगाए, जिनमें दो पॉइंट के ऊपर और एक मिड-ऑफ के ऊपर था। इसके बाद जब स्पिनर आए तो उन्होंने बड़े शॉट खेलने के लिए सही जगह चुनी और आसानी से छक्के लगाए।"
पटेल का मानना है कि विदेशी परिस्थितियों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने से अभिषेक की पहचान टी20 क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में और मजबूत हुई है।उन्होंने कहा, "साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में रन बनाना किसी भी बल्लेबाज की क्षमता साबित करता है। खिलाड़ियों का असली आकलन इन्हीं मुश्किल परिस्थितियों में होता है। अभिषेक ने पहले साउथ अफ्रीका और फिर ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन किया। अब उन्होंने इंग्लैंड में भी बेहतरीन पारी खेली है। यही वजह है कि वह पिछले लगभग एक साल से टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाजों में शामिल हैं।" भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला अब शनिवार को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में खेला जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story