न्यूज

ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला

jantaserishta.com
12 July 2026 1:23 PM IST
ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला
x
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। बलिया में अपने विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया क्योंकि वह "सच लिख रहे हैं"।
उन्होंने अखिलेश यादव से "अपने गुंडों को संभालने" की नसीहत देते हुए कहा कि यदि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश हुई तो योगी सरकार उससे सख्ती से निपटना जानती है। सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि मित्र अखिलेशजी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए। क्यों? क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं और सच आपको पच नहीं रहा। यही तो आप लोगों की पुरानी मानसिकता रही है। हमेशा से आप लोग गैर-यादव ओबीसी समाज के प्रति हेय दृष्टि रखते आए हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से विचलित होने वालों में से नहीं हैं। हम तो उस समाज से हैं जिसके मुर्दाबाद के नारे आपके स्वजातीय हमेशा से लगाते आए हैं। रही बात काले कपड़ों की तो हमें काला रंग बहुत पसंद है, दिखाइये जितना दिखा सकते हैं। राजभर ने लिखा कि आप और आपके गुंडों में अगर दम है तो लोकतांत्रिक ढंग से लड़ें। आओ मैदान में, चुनाव में दम दिखाओ। काला लाल हरा जो दिखाना है, दिखा लेना आप लोग। भगवा फिर भी लहरा के रहेगा। और हां...आपके गुंडों के जवाब में अगर जनता सड़क पर उतर आई तो कहीं के नहीं रहोगे।
मंत्री राजभर ने लिखा कि ओमप्रकाश राजभर सपाई गुंडों से डरने वाला नहीं है। हम तो जमीन से आए और जमीन पर ही रहते हैं। हमें ऐसे लम्पटों का सामना करना अच्छे से जानता है। संघर्ष से उपजा हूं और समाज की लड़ाई लड़ता आया हूं। अपने गुंडों को संभाल लीजिए महाराज, नहीं तो ये योगी सरकार है, गुंडों का इलाज बेहतर ढंग से करना खूब आता है। असली ओबीसी समाज अब जाग चुका है। नक्काल परेशान हैं। जय भारत, जय श्री राम, जय श्री कृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार के मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के शनिवार को बलिया दौरे से पहले जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया था। रतसड़ क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके विरोध में प्रदर्शन करते हुए काले झंडे लहराए और 'ओपी राजभर गो बैक' के नारे लगाए। प्रदर्शनकारी ओपी राजभर का पुतला फूंकना चाहते थे लेकिन पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ देर तक क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात नियंत्रण में रहे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story