न्यूज

विशाखापत्तनम तट पर लापता 7 मछुआरों में से एक सुरक्षित लौटा, 6 की तलाश को सर्च ऑपरेशन जारी

jantaserishta.com
5 July 2026 3:45 PM IST
विशाखापत्तनम तट पर लापता 7 मछुआरों में से एक सुरक्षित लौटा, 6 की तलाश को सर्च ऑपरेशन जारी
x
विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम तट से समुद्र में लापता हुए सात मछुआरों में से एक रविवार को सुरक्षित वापस लौट आया, जबकि बाकी छह मछुआरों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान जारी है। कोस्ट गार्ड, नौसेना और मरीन पुलिस मिलकर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक विजयनगरम और विशाखापत्तनम जिलों के सात मछुआरे 1 जुलाई को विशाखापत्तनम फिशिंग हार्बर से मछली पकड़ने के लिए समुद्र में निकले थे। इसी दौरान बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण समुद्र का मौसम अचानक खराब हो गया। परिवारवालों ने मोबाइल फोन के जरिए उनसे संपर्क कर उन्हें सतर्क किया। मछुआरों ने भरोसा दिलाया था कि वे 4 जुलाई की दोपहर तक तट पर लौट आएंगे।
हालांकि तय समय तक उनके वापस नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत कोस्ट गार्ड और मरीन पुलिस को सूचना दी। रविवार को एक जहाज के चालक दल ने मछली पकड़ने वाली नाव के मालिक कारे चिन्नैया को सुरक्षित बचा लिया और उन्हें तट पर पहुंचाया। बताया जा रहा है कि जहाज के चालक दल ने पांच अन्य मछुआरों को भी देखा था लेकिन किसी कारणवश केवल चिन्नैया ही जहाज पर चढ़ सके। उनके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर बचाव एजेंसियों ने बाकी मछुआरों की तलाश और तेज कर दी है।
इस बीच मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी लापता मछुआरों को जल्द से जल्द खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए हैं। चित्तूर जिले के कुप्पम शहर से उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात कर पूरे अभियान की जानकारी ली।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि कोस्टगार्ड का एक जहाज बंगाल की खाड़ी में लापता नाव की तलाश कर रहा है। उन्होंने बताया कि नाव में तकनीकी खराबी गंगावरम तट के पास आई थी, जिसके कारण वह समय पर वापस नहीं लौट सकी।
रविवार सुबह से नौसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से भी खोज अभियान शुरू कर दिया गया है। फिलहाल कोस्टगार्ड, भारतीय नौसेना और मरीन पुलिस संयुक्त रूप से समुद्र में लापता मछुआरों की तलाश में जुटे हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मरीन आईजी और विशाखापत्तनम पुलिस आयुक्त को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने और हर प्रगति की जानकारी उन्हें देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने मंत्री अच्चन्नायडू और विशाखापत्तनम के स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मछुआरों के परिवारों की हरसंभव मदद करने के भी निर्देश दिए हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story