न्यूज

एनपीसीआई इंटरनेशनल ने केएचक्यूआर के माध्यम से कंबोडिया में शुरू की यूपीआई भुगतान सुविधा

jantaserishta.com
2 Jun 2026 5:04 PM IST
एनपीसीआई इंटरनेशनल ने केएचक्यूआर के माध्यम से कंबोडिया में शुरू की यूपीआई भुगतान सुविधा
x
नई दिल्ली: नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय शाखा एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने मंगलवार को एसीएलईडीए बैंक पीएलसी के साथ साझेदारी में कंबोडिया में वहां की राष्ट्रीय क्यूआर कोड प्रणाली केएचक्यूआर के माध्यम से यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) भुगतान सुविधा शुरू की।
इस सेवा की शुरुआत कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में आयोजित एक औपचारिक समारोह के दौरान की गई। इस कार्यक्रम में कंबोडिया के नेशनल बैंक (एनबीसी) की गवर्नर डॉ. चिया सेरेई और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
यह पहल भारत और कंबोडिया के बीच सीमा-पार क्यूआर भुगतान प्रणाली को जोड़ने की पहली चरण की परियोजना है। इसके तहत भारतीय यात्री अब यूपीआई-आधारित मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए कंबोडिया के 45 लाख से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर आसानी से भुगतान कर सकेंगे।
इनमें पर्यटन स्थल, रेस्तरां, होटल और रिटेल स्टोर सहित कई स्थान शामिल हैं। परियोजना के अगले चरण में कंबोडिया के नागरिक भी अपने घरेलू बैंकिंग या भुगतान एप्लिकेशन का उपयोग करके भारत में लाखों यूपीआई क्यूआर कोड वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भुगतान कर सकेंगे।
इससे दोनों देशों के बीच दो-तरफा और आपस में जुड़ी डिजिटल भुगतान प्रणाली विकसित होगी। एनपीसीआई इंटरनेशनल ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य रियल-टाइम, सुरक्षित और इंटरऑपरेबल डिजिटल लेनदेन उपलब्ध कराना है।
इससे भुगतान प्रक्रिया अधिक आसान होगी, यात्रियों को सुविधा मिलेगी और भारत तथा कंबोडिया के बीच पर्यटन एवं व्यापारिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी। पहले चरण में कंबोडिया के व्यापारियों को भारत के करोड़ों डिजिटल भुगतान उपयोगकर्ताओं तक पहुंच मिलेगी।
इसके अलावा, उन्हें नकदी प्रबंधन में आसानी, नकद लेनदेन पर कम निर्भरता और बेहतर परिचालन दक्षता जैसे लाभ भी प्राप्त होंगे। एनपीसीआई इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रितेश शुक्ला ने कहा कि यह पहल भारत के डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा, "कंबोडिया में यूपीआई भुगतान सुविधा शुरू होना इस यात्रा का एक बड़ा कदम है। इससे भारतीय यात्रियों को विदेश में भी परिचित और सहज भुगतान अनुभव मिलेगा, जबकि कंबोडिया के व्यापारियों को लाखों डिजिटल भुगतान करने वाले ग्राहकों तक पहुंच प्राप्त होगी।"
एसीएलईडीए बैंक पीएलसी के अध्यक्ष और समूह प्रबंध निदेशक डॉ. इन चैनी ने कहा कि यह साझेदारी कंबोडिया के डिजिटल परिवर्तन और सीमा-पार भुगतान प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस एकीकरण से यात्रियों के लिए भुगतान संबंधी जटिलताएं और विदेशी मुद्रा विनिमय की चुनौतियां कम होंगी, जबकि स्थानीय व्यापारियों को व्यापक डिजिटल बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story