न्यूज
सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ नोएडा पुलिस का अभियान, 125 लोगों पर कार्रवाई
jantaserishta.com
6 Jun 2026 2:48 PM IST

x
नोएडा: गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना सेक्टर-63 और थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कुल 125 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान सार्वजनिक स्थलों पर नशे के सेवन पर रोक लगाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, सड़कों, पार्कों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन जांच की।
इस विशेष अभियान के तहत थाना सेक्टर-63 पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों का सेवन करने वाले 72 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की, जबकि थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने 53 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की। इस प्रकार दोनों थाना क्षेत्रों में कुल 125 लोगों पर कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार यह अभियान डीसीपी सेंट्रल नोएडा और एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया, जबकि एसीपी-1 और एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होता है और कई बार इससे लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब या अन्य किसी प्रकार के नशे का सेवन न करें तथा कानून का पालन करते हुए सामाजिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार के विशेष अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
Tagsनोएडा पुलिस
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





