न्यूज
मानसून सत्र के बीच एनडीए करेगा अपनी पहली 'मंगल मिलन' बैठक
jantaserishta.com
21 July 2026 8:29 AM IST

x
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की पहली बैठक मंगलवार को नए नाम 'मंगल मिलन' के तहत आयोजित होगी। सत्तारूढ़ गठबंधन संसद सत्र के दौरान आपसी समन्वय को और मजबूत करने के उद्देश्य से इस बैठक का आयोजन कर रहा है।
यह बैठक सुबह 9:30 बजे संसद पुस्तकालय भवन स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में होगी। इसमें लोकसभा और राज्यसभा के सभी एनडीए सहयोगी दलों के सांसद शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक को संबोधित करेंगे।
परंपरागत रूप से संसद के प्रत्येक सत्र के दौरान एनडीए संसदीय दल की बैठक हर मंगलवार को आयोजित होती रही है। हालांकि इस बार इसे 'मंगल मिलन' नाम दिया गया है। गठबंधन का कहना है कि इस नए नाम के जरिए नियमित संसदीय बैठकों को सांस्कृतिक और संगठनात्मक पहचान देने का प्रयास किया गया है।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से ही दोनों सदनों में विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही प्रभावित हो रही है। सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान विपक्ष ने नीट विवाद, राम मंदिर चढ़ावा मामला, जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन और ई-20 पेट्रोल समेत कई मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। अध्यक्षीय पीठ पर मौजूद जगदंबिका पाल ने सदन की गरिमा बनाए रखने और शांत रहने की अपील की, लेकिन विपक्ष का हंगामा जारी रहा।
इससे पहले अध्यक्षीय पीठ पर मौजूद दिलीप सैकिया ने भी सदन में व्यवस्था बहाल करने की कोशिश की। उन्होंने सांसदों से अपनी-अपनी सीटों पर बैठने और देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर शून्यकाल चलने देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, "यह व्यवहार लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है... क्या आप नहीं चाहते कि सदन चले?" इसके बावजूद विपक्षी सांसद नारेबाजी करते रहे और सदन के वेल में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा। लगातार हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 1 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
Tagsएनडीए
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





