न्यूज

एनसीआर: मौसम ने ली करवट, भीषण गर्मी से कुछ देर के लिए निजात, हीट वेव का असर रहेगा जारी

jantaserishta.com
23 May 2026 10:04 AM IST
एनसीआर: मौसम ने ली करवट, भीषण गर्मी से कुछ देर के लिए निजात, हीट वेव का असर रहेगा जारी
x
नोएडा: भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा भीषण गर्मी और हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान पर घने बादल छाए रहे और तेज हवाओं ने लोगों को आंधी जैसा एहसास कराया।
कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे लोगों को कुछ समय के लिए तपती गर्मी से राहत मिली। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक कायम नहीं रहने वाली है, क्योंकि मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि आने वाले पांच दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
आईएमडी की ओर से जारी लोकल वेदर रिपोर्ट एंड फोरकास्ट के अनुसार 23 मई से 28 मई तक लगातार हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक 23 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाओं के साथ हीट वेव चलने की चेतावनी दी है।
24 मई को तापमान और बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने की संभावना है। इस दिन भी दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं और लू की स्थिति बनी रहेगी। विभाग के अनुसार 25 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग की रिपोर्ट में 26 और 27 मई को भी 45 डिग्री तापमान के साथ हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।
26 मई को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और आर्द्रता 30 से 20 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। 27 मई को आर्द्रता बढ़कर 40 से 25 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है। 28 मई को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहने का अनुमान है। हालांकि शनिवार सुबह बदले मौसम ने लोगों को राहत का एहसास कराया, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यह केवल अस्थायी बदलाव है।
तेज धूप, गर्म हवाएं और लगातार बढ़ता तापमान अगले कई दिनों तक लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story