न्यूज

घुटने की सर्जरी के बाद अस्पताल में भर्ती हैं नंदमुरी बालकृष्ण, हालचाल जानने पहुंचे चंद्रबाबू नायडू

jantaserishta.com
26 July 2026 1:23 PM IST
घुटने की सर्जरी के बाद अस्पताल में भर्ती हैं नंदमुरी बालकृष्ण, हालचाल जानने पहुंचे चंद्रबाबू नायडू
x
हैदराबाद: टॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और आंध्र प्रदेश की राजनीति का बड़ा चेहरा नंदमुरी बालकृष्ण हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती हैं। हाल ही में फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके घुटने में गंभीर चोट लग गई, जिसके चलते डॉक्टरों को उनकी सर्जरी करनी पड़ी।
इस बीच उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए रविवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू खुद अस्पताल पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ बालकृष्ण से मुलाकात की, बल्कि डॉक्टरों से भी उनके इलाज, सर्जरी और रिकवरी की पूरी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हैदराबाद के एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (एआईजी) अस्पताल पहुंचकर नंदमुरी बालकृष्ण का हालचाल जाना। बालकृष्ण उनके पारिवारिक रिश्तेदारी में आते हैं और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के वरिष्ठ नेता भी हैं। अस्पताल में दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी मौजूदा स्थिति और आगे की इलाज प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
बता दें, नंदमुरी बालकृष्ण को 21 जुलाई को राजमुंदरी में अपनी नई फिल्म की शूटिंग के दौरान घुटने में चोट लग गई थी। शूटिंग के दौरान हुए इस हादसे के बाद पहले उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण अगले ही दिन एयर एंबुलेंस के जरिए हैदराबाद लाया गया। यहां उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया और कई जरूरी मेडिकल जांच की गईं।
डॉक्टरों की जांच में पता चला कि बालकृष्ण के बाएं पैर के क्वाड्रिसेप्स टेंडन में गंभीर चोट आई है। यह टेंडन जांघ की मांसपेशी को घुटने की हड्डी से जोड़ता है। इसके अलावा घुटने के दोनों तरफ मौजूद सपोर्टिंग टिशू को भी नुकसान पहुंचा। सभी जांचों के बाद डॉक्टरों की टीम ने सर्जरी को सबसे बेहतर विकल्प माना।
23 जुलाई को नंदमुरी बालकृष्ण की सर्जरी की गई। अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि यह ऑपरेशन करीब तीन घंटे तक चला और यह पूरी तरह सफल रहा। अस्पताल के अनुसार, फिलहाल नंदमुरी बालकृष्ण की हालत स्थिर है और उन्हें पोस्ट-ऑपरेटिव ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।
बालकृष्ण के घायल होने की खबर सामने आने के बाद, आंध्र प्रदेश सरकार में मानव संसाधन विकास, सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश ने फोन पर उनसे बात कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story