न्यूज

सपा छोड़ने की अटकलों पर सांसद सनातन पांडे का दो-टूक जवाब, बोले- 'किसी में खरीदने की हैसियत नहीं'

jantaserishta.com
18 Jun 2026 1:07 PM IST
सपा छोड़ने की अटकलों पर सांसद सनातन पांडे का दो-टूक जवाब, बोले- किसी में खरीदने की हैसियत नहीं
x
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे ने मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के 'बागी बलिया' वाले दावे पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे समाजवादी पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं और दुनिया की कोई भी ताकत मुझे समाजवाद और समाजवादी पार्टी से अलग नहीं कर सकती है।
ओपी राजभर के बयान पर समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "सबसे पहले, मैं उन्हें विस्तृत जानकारी देने के लिए धन्यवाद देता हूं और इसके लिए आभार व्यक्त करता हूं। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मैं पार्टी नहीं छोड़ूंगा। यह एक सीधा जवाब है। जीवन भर, चाहे मैं राजनीति में रहूं या न रहूं, चाहे मैं सांसद रहूं या न रहूं, मेरा पूरा अस्तित्व समाजवाद में निहित है। दुनिया की कोई भी ताकत मुझे समाजवाद और समाजवादी पार्टी से अलग नहीं कर सकती।"
उन्होंने आगे कहा, "वे (राजभर) जिस ताकत के बल पर बोल रहे हैं, उसकी हैसियत यही है कि वह हमारे जैसे लोगों को डरा सकती है या एनकाउंटर कर सकती है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि वे जिनके बलबूते बोल रहे हैं, चाहे कितनी भी ताकत लगा लें, सनातन पांडे को खरीदने की हैसियत उन लोगों में नहीं है।"
सनातन पांडे ने कहा, "मैं समाजवादी पार्टी का सांसद हूं और मेरे पास कोई भी अवैध संपत्ति नहीं है। मेरे पास नाना की दी हुई जमीन है। सदन के खाते के अलावा मेरा कोई खाता नहीं है।" उन्होंने कहा, "मैंने बुधवार को पहली बार देखा कि पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में ब्राह्मण कार्यकर्ता हमारे कार्यक्रम में आए हुए थे। सभी ने एक स्वर से कहा था कि 2014 में जिस तरह भाजपा का साथ दिया था, हमारी उम्मीदों के ठीक विपरीत सबसे ज्यादा प्रताड़ित इस सरकार में ब्राह्मण है। प्रदेश में सबसे अधिक ब्राह्मणों के एनकाउंटर हुए। सबसे अधिक हाफ-एनकाउंटर हुए तो वह ब्राह्मणों के हुए। ब्राह्मण मूलत: समाजवादी होता है।"
सपा सांसद ने आगे कहा, "ब्राह्मण गांव में रहने वाला ऐसा समाज है, जिसके संबंध हर जाति के साथ होते हैं और वह सभी को अपना समझता है। ब्राह्मण जन्म से ही समाजवादी है। इसको प्रदेश के लोगों ने भी स्वीकार किया कि 5 अगस्त की बैठक में इतिहास रचा जाएगा। उस भीड़ को देखकर यह लोग हताश हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी से और लोग टूट सकते हैं, लेकिन मैं अपनी बात कर रहा हूं। मैं जीवन के अंतिम समय में कार्यालय की पहरेदारी भी करने का अवसर मिलेगा तो मैं सब कुछ समर्पित करते हुए पार्टी के लिए वह काम भी करूंगा।
दरअसल, ओमप्रकाश राजभर लगातार समाजवादी पार्टी में टूट का दावा कर रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को यह भी कहा कि सपा के कार्यक्रम में ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल बहुत आहत है। घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है। टूट होकर रहेगी। बता दें कि बलिया से सपा के सनातन पांडेय वर्तमान सांसद हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story