न्यूज

यमुना सफाई अभियान में शामिल हुए मंत्री प्रवेश वर्मा और वीरेंद्र सचदेवा, कहा- यमुना को स्वच्छ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

jantaserishta.com
14 Jun 2026 10:15 AM IST
यमुना सफाई अभियान में शामिल हुए मंत्री प्रवेश वर्मा और वीरेंद्र सचदेवा, कहा- यमुना को स्वच्छ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे
x
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष यमुना सफाई अभियान के तहत रविवार को आईटीओ घाट पर व्यापक सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोग शामिल हुए। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी अभियान में हिस्सा लिया और स्वयं यमुना तट पर सफाई कर लोगों को जागरुक करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रवेश वर्मा ने कहा कि यमुना को साफ और स्वच्छ बनाना दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, "यमुना की सफाई हमारी सरकार के प्रमुख एजेंडों में से एक रही है और हम इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। यमुना को स्वच्छ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।"
उन्होंने दिल्लीवासियों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यमुना को साफ रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि इसमें जनता की सहभागिता भी आवश्यक है। यदि सभी लोग यमुना नदी को प्रदूषित होने से बचाने के लिए जागरुकता दिखाएं और अपना योगदान दें, तो यमुना को स्वच्छ बनाए रखने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है।
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित दिल्ली भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता यमुना सफाई अभियान में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के प्रयासों और जनता के सहयोग से यमुना को स्वच्छ व निर्मल बनाने का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
प्रवेश वर्मा ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने यमुना की सफाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण नदी की स्थिति लगातार खराब होती गई। अब सरकार बदल चुकी है और नई सरकार यमुना के पुनर्जीवन के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा, "हमें पूरा विश्वास है कि यमुना जरूर साफ होगी और दिल्लीवासियों को एक स्वच्छ नदी देखने को मिलेगी।" वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सरकार शुरू से ही यमुना के मुद्दे को लेकर गंभीर है और नदी की सफाई एवं संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए सरकार किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ेगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यमुना को साफ रखना केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा, "मैं दिल्ली के सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे इस अभियान में अपना सहयोग दें और यमुना को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।"
सचदेवा ने कहा कि यमुना दिल्ली की जीवनरेखा है और इसे प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों से यमुना की स्थिति में सकारात्मक बदलाव आएगा और आने वाले समय में नदी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन, पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने यमुना सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
वहीं, भाजपा सांसद स्वाति मालीवाल ने कालिंदी कुंज में 'मां यमुना नदी तट सफाई अभियान' में हिस्सा लिया। इस मौके पर स्वाति मालीवाल ने कहा, "आज कई सामाजिक संस्थाएं और पूरा भाजपा परिवार सफाई अभियान में शामिल होने के लिए यमुना तट पर इकट्ठा हुआ है। हम सब मिलकर काम कर रहे हैं और यह अभियान कई घंटों तक चलेगा। हमारा मकसद यह पक्का करना है कि यमुना नदी का किनारा पूरी तरह से साफ-सुथरा हो।"
भाजपा विधायक हरीश खुराना ने मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में 'मां यमुना नदी तट सफाई अभियान' में हिस्सा लिया। हरीश खुराना ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर हम 'सेवा पखवाड़ा' मना रहे हैं। इसी के तहत, दिल्ली भर के अलग-अलग ज़िलों से भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता मैदान में उतरे हैं, यमुना के अलग-अलग घाटों की सफ़ाई करके 'श्रमदान' कर रहे हैं।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story