न्यूज

क्यूबा को मानवीय सहायता देता रहेगा मेक्सिको: राष्ट्रपति शीनबाम

jantaserishta.com
10 Jun 2026 8:30 AM IST
क्यूबा को मानवीय सहायता देता रहेगा मेक्सिको: राष्ट्रपति शीनबाम
x
मेक्सिको सिटी: मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लॉडिया शीनबाम ने एक बार फिर कहा है कि उनकी सरकार क्यूबा को मानवीय सहायता देना जारी रखेगी। उनका कहना है कि क्यूबा इस समय कठिन हालात का सामना कर रहा है और उसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की एकजुटता और सहयोग की जरूरत है।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, अपने रोजाना के प्रेस कॉन्फ्रेंस में शीनबाम ने कहा कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग और एकजुटता के रिश्तों के तहत मेक्सिको हर तरह की मदद भेजता रहेगा। उन्होंने कहा, "हम हर तरह की सहायता भेजते रहे हैं और क्यूबा की जनता के लिए आगे भी सहायता भेजते रहेंगे।"
शीनबाम ने कहा कि मेक्सिको अपनी पूरी क्षमता के अनुसार क्यूबा का समर्थन करता रहेगा, खासकर ऐसे समय में जब अमेरिका क्यूबा पर छह दशक से भी अधिक समय से लागू अपने प्रतिबंधों को और सख्त कर रहा है।
उन्होंने कहा क‍ि यह एकजुटता का मामला है। मेक्सिको के लोगों ने हमेशा ऐसा किया है और हम आगे भी ऐसा करते रहेंगे, क्योंकि यह एक ऐसा देश है जिसे इसकी जरूरत है।
इससे पहले मई में भी राष्ट्रपति शीनबाम ने देशों के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन किया था और क्यूबा के पूर्व नेता राउल कास्त्रो के खिलाफ अमेरिका की ओर से आपराधिक आरोप लगाए जाने पर असहमति जताई थी।
उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "30 साल पहले हुई किसी घटना के लिए अब किसी पर आरोप लगाने का क्या मतलब है?"
हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग ने राउल कास्त्रो के खिलाफ एक अभियोग दायर किया है। आरोप है कि 1996 में क्यूबा-अमेरिकी निर्वासित संगठन 'ब्रदर्स टू द रेस्क्यू' के दो विमानों को मार गिराने की घटना में उनकी भूमिका थी।
94 वर्षीय कास्त्रो उस समय क्यूबा की क्रांतिकारी सशस्त्र सेनाओं के मंत्री थे।
क्यूबा सरकार के अनुसार, उन विमानों ने कई बार क्यूबा के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया था और पहले दी गई चेतावनियों को भी नजरअंदाज किया था। इसलिए क्यूबा के पास आत्मरक्षा के अपने अधिकार का इस्तेमाल करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।
शीनबाम ने यह भी कहा कि अमेरिका अक्सर मादक पदार्थों की तस्करी के मुद्दे को दूसरे देशों के मामलों में हस्तक्षेप करने के बहाने के रूप में इस्तेमाल करता रहा है, और मेक्सिको इस सोच से सहमत नहीं है।
उन्होंने कहा कि मेक्सिको को इतिहास को ध्यान में रखते हुए अमेरिका के साथ जहां संभव हो, सहयोग जारी रखना चाहिए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story