न्यूज
15 साल बाद मार्वल स्टेडियम से अलग की मेलबर्न रेनेगेड्स ने राहें, एमसीजी होगा नया घरेलू मैदान
jantaserishta.com
10 July 2026 11:46 AM IST

x
मेलबर्न: बिग बैश लीग (बीबीएल) की फ्रेंचाइजी मेलबर्न रेनेगेड्स ने अपनी पुरुष टीम के घरेलू मैदान को बदलने का फैसला किया है। मेलबर्न रेनेगेड्स ने 15 साल के बाद मार्वल स्टेडियम से अपनी राहें अलग कर ली हैं। आगामी सीजन में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) रेनेगेड्स का घरेलू मैदान होगा। बीबीएल क्लब ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की।
मेलबर्न रेनेगेड्स ने बिग बैश लीग की शुरुआत 2011-12 सीजन से की थी और तब से वह अपने ज्यादातर घरेलू मुकाबले मार्वल स्टेडियम में खेलती आ रही थी। इसी मैदान पर टीम ने अपने इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। रेनेगेड्स ने बीबीएल के आठवें सीजन में खिताब जीता था और उस यादगार सफर का गवाह भी मार्वल स्टेडियम ही बना था।
अब क्लब ने मेलबर्न क्रिकेट क्लब (एमसीजी) के साथ नया समझौता किया है, जिसके तहत बिग बैश लीग के 16वें सीजन से टीम के कुछ खास मुकाबले एमसीजी में खेले जाएंगे। आगामी सीजन में रेनेगेड्स एमसीजी में कुल तीन मैच खेलेगी। इनमें दो मुकाबले वह घरेलू टीम के रूप में खेलेगी, जिसमें मेलबर्न डर्बी भी शामिल होगा। इसके अलावा एक मैच वह मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ मेहमान टीम के रूप में खेलेगी।
रेनेगेड्स इस सीजन में मेलबर्न के जंक्शन ओवल मैदान पर भी अपने दो घरेलू मुकाबले खेल सकती है। इसके अलावा टीम दिसंबर में होने वाले ऐतिहासिक चेन्नई मुकाबले का भी हिस्सा बनेगी। इस बदलाव के चलते जिलॉन्ग में पिछले पांच साल में पहली बार कोई बिग बैश मैच नहीं खेला जाएगा।
मेलबर्न क्रिकेट क्लब के सीईओ स्टुअर्ट फॉक्स ने इस बदलाव को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि 2026-27 की गर्मियों में एमसीजी का क्रिकेट कार्यक्रम और बड़ा होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिग बैश लीग गर्मियों के क्रिकेट कैलेंडर का अहम हिस्सा है और क्लब रेनेगेड्स के स्वागत के लिए उत्साहित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एमसीजी में फैंस को रोमांचक मुकाबलों का आनंद लेने के और ज्यादा मौके मिलेंगे।
रेनेगेड्स के कप्तान विल सदरलैंड ने भी एमसीजी में खेलने को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड दुनिया के सबसे प्रसिद्ध खेल स्थलों में से एक है और हर खिलाड़ी वहां खेलने का सपना देखता है। उन्होंने पिछले सीजन में एमसीजी पर हुए डर्बी मुकाबले का जिक्र करते हुए कहा कि वहां का माहौल शानदार था और इससे पता चलता है कि इस मैदान पर बिग बैश क्रिकेट कितना खास हो सकता है।
सदरलैंड ने कहा कि टीम के खिलाड़ी भारी भीड़ के सामने खेलने और अपने फैंस के साथ यादगार पल बनाने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने यह भी माना कि टीम के समर्थकों के लिए यह बदलाव आसान नहीं रहा होगा, लेकिन खिलाड़ी नई शुरुआत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मेलबर्न रेनेगेड्स के जनरल मैनेजर मैक्स एबॉट ने कहा कि एमसीजी में क्रिकेट खेलना मेलबर्न की गर्मियों की पहचान है। उन्होंने कहा कि टीम दुनिया के सबसे बेहतरीन स्टेडियमों में से एक में अपने घरेलू मुकाबले खेलने को लेकर रोमांचित है। हालांकि, उन्होंने मार्वल स्टेडियम को भी धन्यवाद दिया और कहा कि यह मैदान पिछले 15 वर्षों से रेनेगेड्स की पहचान का हिस्सा रहा है। टीम ने वहां कई यादगार मुकाबले खेले और कई खास पल बनाए। उन्होंने कहा कि मार्वल स्टेडियम हमेशा क्लब के इतिहास में एक विशेष स्थान रखेगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





