न्यूज

मातृभूमि से जुड़ें प्रवासी कोरियाई बच्चे, सुखद यादें संजोएं: दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला

jantaserishta.com
19 Oct 2026 12:35 PM IST
मातृभूमि से जुड़ें प्रवासी कोरियाई बच्चे, सुखद यादें संजोएं: दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला
x
सोल: दक्षिण कोरिया की प्रथम महिला किम हे-क्युंग ने सोमवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विदेशों में गोद लिए गए कोरियाई मूल के लोग अपनी मातृभूमि के करीब आएंगे और उससे जुड़ी अच्छी यादों को संजोकर रखेंगे।
'इंटरनेशनल कोरियन अडॉप्टी एसोसिएशन' (आईकेएए) के सोल सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में अपने भाषण के दौरान, फर्स्ट लेडी ने ये बातें कहीं। इस सम्मेलन में दुनिया भर से गोद लिए गए कोरियाई लोग (कोरियन अडॉप्टी) एक-दूसरे से जुड़ने और एक समुदाय बनाने के लिए इकट्ठा हुए थे।
योनहाप समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, फर्स्ट लेडी ने कहा, "आप में से हर कोई दक्षिण कोरिया को अलग नज़रिए से देख सकता है। कुछ लोगों के लिए यह विदेश हो सकता है, तो कुछ के लिए यह वह मातृभूमि हो सकती है, जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था।"
उन्होंने आगे कहा, "हो सकता है कि आप अपनी जड़ों और पहचान की तलाश में, कई सवालों के साथ यहां आए हों।" किम ने उम्मीद जताई कि यहां आए लोग दक्षिण कोरिया का पतझड़, यहां के खान-पान और अन्य आकर्षणों का करीब से अनुभव करेंगे। उन्होंने कहा, "आप चाहे जैसे भी यहां आए हों, मुझे उम्मीद है कि इस मौके पर आप अपनी मातृभूमि के और करीब आ पाएंगे और नए, सार्थक रिश्ते बना पाएंगे।"
अपनी इच्छा को जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "मेरी कामना है कि अपनी मातृभूमि का माहौल, आकर्षण और सुंदरता लंबे समय तक आपकी यादों में बनी रहे।" आईकेएए के अध्यक्ष टॉमी जेंटजेल ने इस बात पर जोर दिया कि गोद लिए गए कोरियाई लोगों और दक्षिण कोरिया के बीच संबंधों में असीम संभावनाएं हैं।
जेंटजेल ने कहा कि इन संभावनाओं को साकार करने के लिए, गोद लिए गए कोरियाई लोगों के दुखों को समझना जरूरी है, और साथ ही सुलह की दिशा में कदम भी उठाए जाने चाहिए। आईकेएए प्रमुख ने दक्षिण कोरिया और संबंधित संस्थाओं से इस लक्ष्य की दिशा में काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों को अपने जैविक परिवारों को खोजने के लिए जरूरी संसाधन और मदद दी जानी चाहिए, जिसमें डीएनए टेस्ट कराने की जरूरत भी पड़ सकती है।
रविवार को, दक्षिण कोरिया की प्रधानमंत्री हान सियोंग-सूक ने कहा कि सरकार सोल और प्योंगयांग के बीच बातचीत फिर से शुरू करने के लिए आधार तैयार करने और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की दिशा में प्रयास करेगी।
सोल में विस्थापित उत्तर कोरियाई निवासियों के लिए आयोजित एक खेल प्रतियोगिता में शामिल होते हुए, हान ने कहा, "दक्षिण और उत्तर कोरिया के बीच बातचीत के रास्ते खोलने और शांति तथा साझा समृद्धि पर चर्चा करने के प्रयास किए जाएंगे।"
उन्होंने उत्तर और दक्षिण कोरिया के विभाजन को एक "हकीकत" बताया और इस बात पर भी जोर दिया कि विस्थापित निवासियों और बिछड़े परिवारों का दर्द आज भी "बरकरार है।" प्रधानमंत्री ने कहा, "दक्षिण कोरिया और उत्तर कोरिया के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का रास्ता खोलने के हमारे प्रयास रुक नहीं सकते।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story