न्यूज
केरल: वायनाड और कोझिकोड समेत राज्य के आठ जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी, एक महिला की मौत
jantaserishta.com
1 Aug 2026 11:39 AM IST

x
तिरुवनंतपुरम: आईएमडी की ओर से शनिवार को केरल के आठ जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने कासरगोड, कन्नूर, वायनाड, कोझिकोड, मलप्पुरम, कोट्टायम, इडुक्की और पथनमथिट्टा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
वहीं, पलक्कड़, त्रिशूर और एर्नाकुलम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं, जबकि अलप्पुझा, कोल्लम और तिरुवनंतपुरम के लिए येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। इससे पहले मौसम विभाग की ओर से 31 जुलाई और 1 अगस्त को केरल और लक्षद्वीप में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं का पूर्वानुमान लगया। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान की आशंका को देखते हुए कोझिकोड जिले के पहाड़ी इलाकों में सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, केरल के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश का पूर्वानुमान है। यहां 24 घंटे में 7 सेमी से 11 सेमी तक भारी बारिश और 12 सेमी से 20 सेमी तक अति भारी बारिश हो सकती है। 2 अगस्त को केरल में कुछ जगहों पर 7 से 11 सेमी बारिश और लक्षद्वीप में 31 जुलाई व 1 अगस्त को भारी बारिश होने की आशंका है।
पथानमथिट्टा रीजन के लाहा में 236 मिमी, वेंकुरिंजी में 198.5 मिमी, और रन्नी चेथक्कल में 182.5 मिमी बारिश हुई। एर्नाकुलम क्षेत्र के नेरियामंगलम में 171.5 मिमी और कूथट्टुकुलम में 114.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। तिरुवनंतपुरम के पालोडे में 148.5 मिमी और थट्टाथुमाला में 92.0 मिमी दर्ज हुई। इसके अलावा, कोल्लम के पुनालुर में 119.0 मिमी, तेनमला में 69.0 मिमी, कन्नूर के अय्यनकुन्नु में 95.0 मिमी, चेंबेरी में 88.0 मिमी हुई।
वहीं, कोझिकोड की कलेक्टर एमएस माधविकुट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों, खासकर पहाड़ी इलाकों में रहने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इस वजह से एक अगस्त को शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।"
हालांकि, पीएससी परीक्षाएं और यूनिवर्सिटी परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन क्लास पर छुट्टी का कोई असर नहीं पड़ेगा। भारी बारिश की वजह से आज (शनिवार) मालाबार रिवर फेस्टिवल में होने वाले व्हाइट-वाटर कयाकिंग कॉम्पिटिशन कैंसिल कर दिए गए हैं, क्योंकि चालिपुझा नदी में पानी का लेवल खतरनाक लेवल तक बढ़ गया है।
कोझिकोड जिले के कोडानचेरी ग्राम पंचायत के प्रेसिडेंट अन्नाकुट्टी देवासी और एडवेंचर टूरिज्म के सीईओ बीनू कुर्याकोस के मुताबिक, यह फैसला फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज की सलाह के बाद लिया गया। एहतियात के तौर पर एथलीट और सभी कयाकिंग इक्विपमेंट को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट कर दिया गया है।
पंचायत प्रेसिडेंट ने लोगों से पुलिक्कयम से कयाकिंग सेंटर एरिया में न जाने की भी अपील की और कोडानचेरी ग्राम पंचायत के लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी। लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे बढ़ते पानी के लेवल से होने वाले खतरे के कारण नदी या किसी भी पानी वाले एरिया में न जाएं।
वहीं, इडुक्की में भारी बारिश की वजह से लैंडस्लाइड में महिला की मौत हो गई है। अधिकारियों ने चार जिलों में शिक्षण संस्थानों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं। समुद्र के किनारे बनी एक ट्रफ के कारण लगातार नमी वाली हवाएं तट तक पहुंच रही हैं। मछुआरों को तेज हवाओं के कारण तूफानी समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। कमजोर इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहना चाहिए और आधिकारिक सलाह का पालन करना चाहिए।
Tagsकेरल
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





