न्यूज
'जसपाल राणा का जाना खेल जगत के लिए बड़ी क्षति', भारतीय शूटर के निधन पर पीएम मोदी और रक्षा मंत्री ने जताया शोक
jantaserishta.com
12 Jun 2026 11:50 AM IST

x
नई दिल्ली: भारत के दिग्गज शूटर जसपाल राणा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि जसपाल राणा का जाना भारतीय खेल जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "जसपाल राणा के निधन से गहरा दुख हुआ। उनका जाना भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने शूटिंग में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश का मान बढ़ाया। एक मेंटोर के तौर पर भी उनका योगदान उतना ही उल्लेखनीय रहा। उन्होंने अत्यंत समर्पण के साथ युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया और उनका मार्गदर्शन किया। बेहतरीन प्रदर्शन, अनुशासन और खेल जगत की सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने उन्हें सम्मान दिलाया। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और पूरे खेल जगत के साथ हैं। ओम शांति।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शूटर जसपाल राणा के आकस्मिक निधन से मैं स्तब्ध और शोकाकुल हूं। जसपाल एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और कोच होने के साथ-साथ अत्यंत सहज, सरल और बहुत ही नेक दिल इंसान थे। भारत में शूटिंग को एक खेल के रूप में लोकप्रिय बनाने में उनकी बड़ी प्रभावी भूमिका थी।"
उन्होंने आगे लिखा, "जसपाल राणा ने वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप और एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड मेडल दिला कर भारत का नाम पूरे विश्व में रोशन किया। उनके निधन से भारतीय खेल जगत को एक बड़ी क्षति हुई है। ईश्वर उनके शोक-संतप्त परिजनों को इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें। इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रसशंकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।"
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने भी जसपाल राणा के निधन पर शोक जताया। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "यह बड़ी क्षति है। वह न सिर्फ एक चैंपियन शूटर थे, बल्कि एक बेहतरीन मेंटोर भी थे। उनकी बहुत याद आएगी।"
बता दें कि मशहूर भारतीय शूटिंग कोच और पूर्व एशियाई खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में निधन हो गया। राणा भारतीय पिस्टल शूटर्स के लिए हाई-परफॉर्मेंस कोच के तौर पर काम कर रहे थे। उन्होंने दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर समेत कई भारतीय पिस्टल शूटर्स को कोचिंग दी।
हाल ही में, जर्मनी के म्यूनिख में हुए आईएसएसएफ वर्ल्ड कप से भारत लौटते समय बेचैनी महसूस होने पर राणा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
Tagsजसपाल राणा
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





