न्यूज

ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि इलाही का बड़ा बयान, युद्ध को बताया आशीर्वाद

jantaserishta.com
2 May 2026 5:52 PM IST
ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि इलाही का बड़ा बयान, युद्ध को बताया आशीर्वाद
x
नई दिल्ली: भारत में ईरानी सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अब्दुल माजिद हकीम इलाही ने मध्य पूर्व की राजनीति, अमेरिका की भूमिका और हालिया युद्ध को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्‍होंने इस युद्ध को एक तरह का आशीर्वाद बताया। ईरान और उसके पड़ोसी देशों के बीच रिश्ते अब और मजबूत होंगे।
एक विशेष बातचीत के दौरान इलाही ने कहा कि मुझे लगता है कि यह युद्ध भी एक आशीर्वाद था। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंक‍ि अरब देश भी इससे खुश हैं। उन्‍हें हर साल अमेरिका से हथियार खरीदने के लिए मजबूर किया जाता था। हर साल उन्हें लगभग 500 बिलियन डॉलर खर्च करने पड़ते थे, सिर्फ हथियार खरीदने के लिए। फिर भी उन्हें इन हथियारों से कोई खास फायदा नहीं हुआ।
इलाही ने कहा क‍ि मैं कुछ अरब देशों के राजाओं के नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन वे खुद कहते थे कि अमेरिका ने हमें ये सब हथ‍ियार भेजे। यहां तक कि उन्हें बहुत महंगे और खूबसूरत विमान भी अमेरिका को 'गिफ्ट' के रूप में देने पड़े। आपने सुना होगा? खैर, ये उनका अपना मामला है।
उन्‍होंने ने कहा क‍ि आखिरकार अब उन्हें समझ आ गया कि अमेरिका उनकी रक्षा नहीं कर सकता, उनके लिए शांति नहीं ला सकता और न ही सुरक्षा दे सकता है। यह बात उन्हें समझ में आ गई। यहां तक कि एक पश्चिमी देश के विदेश मंत्री ने भी एक इंटरव्यू में कहा कि हम अमेरिका के साथ अपने रिश्तों की नीति बदलने वाले हैं।
अब उन्हें एहसास हुआ है कि हम सब इसी क्षेत्र, यानी मध्य पूर्व के लोग हैं और हमें साथ मिलकर रहना है। अगर कोई समस्या है तो हमें खुद ही मिलकर उसे सुलझाना होगी। इसी वजह से मुझे यकीन है कि ईरान और उसके पड़ोसी देशों के बीच रिश्ते पहले से ज्यादा बेहतर और मजबूत होंगे।
इलाही ने बताया क‍ि पहले अमेरिका हमेशा उन्हें यह कहता था कि अगर मैं न हूं, तो तुम एक हफ्ता भी नहीं टिक पाओगे। यह बात खुद अमेरिका के राष्ट्रपति ने कही थी। उनका लहजा काफी रूखा था और भी बहुत सी बातें थीं जो मैं यहां नहीं कहना चाहता।
इलाही ने कहा क‍ि मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि ईरान का अपने पड़ोसियों से कोई झगड़ा नहीं है। इस युद्ध के दौरान भी ईरान ने कभी अपने पड़ोसी देशों पर हमला नहीं किया। उसने सिर्फ अपनी रक्षा की। इलाही ने एक सवार के जवाब में कहा, मैं आपसे पूछ रहा हूं, हिज्‍बुल्लाह कब बना था? 1995 में या 1994 में? मुझे ठीक से नहीं पता। मान लीजिए कि यह ईरान के इस्लामिक रिपब्लिक बनने के बाद बना, जिसे लगभग 47 साल हो चुके हैं, है ना?
जरा उससे पहले के समय में वापस चलते हैं, जब ईरान का इस्लामिक रिपब्लिक बना ही नहीं था। क्या उस समय ईरान, लेबनान और इजरायल के बीच कोई संघर्ष नहीं था? था, बिल्कुल था। इस्लामिक रिपब्लिक बनने से पहले, लेबनान का आधा हिस्सा इजरायल के कब्जे में था। इजरायल बेरूत, जो कि लेबनान की राजधानी है, वहां तक आ गया था।
तो यह संकट हिज्‍बुल्लाह की वजह से नहीं है। यह संकट इजरायल की वजह से है। इजरायल ने ही सबरा और शतीला में लोगों को मारा, तीन लेबनानी गांवों में। उन्होंने हजारों बेगुनाह लोगों का कत्ल किया। एरियल शेरोन के समय में यह हुआ। यह सब हिज्‍बुल्लाह के बनने से पहले हुआ था।
फिर लोग क्यों कहते हैं कि हिज्‍बुल्लाह ही समस्या है? क्या आप एक भी ऐसा हमला बता सकते हैं जो हिज्‍बुल्लाह ने शुरू किया हो? कभी नहीं। हिज्‍बुल्लाह के पूरे समय में वह हमेशा अपनी रक्षा ही करता रहा है। हिज्‍बुल्लाह बना ही क्यों? इसलिए कि वह इजरायल को अपने देश से बाहर निकालना चाहता था और उन्होंने ऐसा कर भी दिखाया। ये लोग ईरानी नहीं हैं, ये लेबनानी हैं। ये अपने देश से प्यार करते हैं। इनमें कुछ शिया हैं, कुछ सुन्नी हैं और कुछ ईसाई भी हैं। ये सब मिलकर अपने देश की रक्षा के लिए खड़े हुए हैं।
आज भी लेबनान का कुछ हिस्सा 50 साल से ज्‍यादा समय से इजरायल के कब्जे में है। मुझे समझ नहीं आता कि ऐसी सोच क्यों है कि इजरायल जो भी करे, उसे करने का हक है। लेकिन अगर कोई और अपने बचाव के लिए खड़ा होता है, तो उसे गलत कहा जाता है। असल संकट हिज्‍बुल्लाह की वजह से नहीं है। संकट इजरायल की वजह से है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story