न्यूज
भारत बनाम इंग्लैंड: चौथे टी20 में अक्षर पटेल पूरा करेंगे 'शतक', एमएस धोनी को छोड़ेंगे पीछे
jantaserishta.com
9 July 2026 9:41 AM IST

x
नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाना है। इस मुकाबले में मैदान पर उतरने के साथ ही अक्षर पटेल बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।
दरअसल, अक्षर ने अब तक भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में कुल 99 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 746 रन बनाने के साथ ही 101 विकेट चटकाए हैं। चौथे टी20 में अगर अक्षर को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो यह उनके करियर का 100वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला होगा। वह भारत की तरफ से इस मुकाम तक पहुंचने वाले महज पांचवें खिलाड़ी बनेंगे।
अक्षर महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ेंगे। धोनी ने अपने करियर में भारत की ओर से 99 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। अब तक भारत के लिए सिर्फ 4 ही खिलाड़ी 100 से अधिक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल सके हैं। रोहित शर्मा (161 मैच) इस लिस्ट में पहले स्थान पर हैं, जबकि हार्दिक पांड्या (138 मैच) दूसरे नंबर पर काबिज हैं। विराट कोहली (127 मैच) तीसरे नंबर पर हैं, तो सूर्यकुमार यादव (115 मैच) के साथ चौथे स्थान पर मौजूद हैं।
अक्षर ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 100 विकेट पूरे किए थे। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले भारत के पहले स्पिनर बने थे। उन्होंने हैरी ब्रूक को आउट करने के साथ ही यह मुकाम हासिल किया था। हालांकि, अक्षर इस सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं। 3 मुकाबलों में अक्षर सिर्फ 15 रन ही बना सके हैं। वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने महज 2 विकेट निकाले हैं। चौथे टी20 में अक्षर से बेहतर प्रदर्शन की आस होगी।
तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 125 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड से मिले 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम महज 76 रन बनाकर ढेर हो गई थी। भारत के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार करने में नाकाम रहे थे। टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने सर्वाधिक 13 रन बनाए थे। वहीं, भारतीय गेंदबाज भी नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले गए मुकाबले में बेअसर नजर आए थे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





