न्यूज
भारत ने 'ऑपरेशन अमिस्ताद' के तहत वेनेजुएला में भूकंप राहत कार्यों को किया तेज
jantaserishta.com
30 Jun 2026 9:02 AM IST

x
काराकास: भूकंप से प्रभावित वेनेजुएला की मदद के लिए भारत ने 'ऑपरेशन अमिस्ताद' अभियान को ज्यादा तेज कर दिया है। राहत कार्यों का दायरा बढ़ाते हुए भारत अब प्रभावित लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध करा रहा है।
वेनेजुएला की राजधानी काराकास स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा, "ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत भारत ने वेनेजुएला में भूकंप प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के प्रयास और तेज कर दिए हैं। यह अभियान पीड़ितों को इलाज और राहत दोनों उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।" इससे पहले, ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत तैनात भारतीय सेना की टीम ने वेनेजुएला में एक फील्ड अस्पताल स्थापित किया, ताकि भूकंप से प्रभावित लोगों को तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सके।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "वेनेजुएला में ऑपरेशन अमिस्ताद जारी है। भारतीय सेना का फील्ड अस्पताल भूकंप प्रभावित लोगों की देखभाल और इलाज में जुटा हुआ है।"
28 जून को दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए कई शक्तिशाली भूकंपों के बाद भारी तबाही हुई थी। इसके तुरंत बाद भारत ने मानवीय सहायता के तहत राहत सामग्री भेजने का फैसला किया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उस समय 'एक्स' पर लिखा था, "भारत की सहायता वेनेजुएला पहुंच गई है। हमें विश्वास है कि फील्ड अस्पताल यूनिट, राहत सामग्री, दवाइयां और चिकित्सा उपकरण वहां चल रहे भूकंप राहत कार्यों को ज्यादा मजबूत करेंगे।"
वहीं, कोटे डी आइवर स्थित भारतीय दूतावास ने भी बताया कि भारतीय वायुसेना के दो सी-17 विमान अबिदजान के रास्ते वेनेजुएला पहुंचे। इन विमानों में 35 टन राहत सामग्री, भारतीय सेना का फील्ड अस्पताल दल और दो भीष्म क्यूब्स (भारत स्वास्थ्य पहल सहयोग, हित और मैत्री के लिए) भेजे गए।
बता दें कि भीष्म क्यूब्स भारत की 'आरोग्य मैत्री' परियोजना के तहत विकसित एक स्वदेशी, मॉड्यूलर और पोर्टेबल अस्पताल है। दूतावास के मुताबिक, इस दल में 41 कर्मी शामिल हैं, जिनमें 9 मेडिकल अधिकारी भी हैं। यह टीम आपातकालीन इलाज, ट्रॉमा मैनेजमेंट, जीवनरक्षक सर्जरी और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं देने में पूरी तरह सक्षम है।
भारत का यह अभियान एक बार फिर दिखाता है कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद देशों तक मानवीय सहायता और आपदा राहत पहुंचाने की उसकी प्रतिबद्धता लगातार मजबूत बनी हुई है।
Tagsऑपरेशन अमिस्ताद
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





