न्यूज
मैं शुक्रगुजार हूं कि मुझे खेलने का मौका मिला: यश ठाकुर
jantaserishta.com
26 July 2026 8:37 AM IST

x
हरारे: भारत और जिम्बाब्वे के बीच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले से दाएं हाथ के भारतीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। यश के लिए यह मैच यादगार रहा। उन्होंने शानदार गेंदबाजी की और टीम की न सिर्फ जीत बल्कि खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच के बाद यश ठाकुर ने कहा, "मैं सच में शुक्रगुजार हूं कि मुझे यह मैच खेलने का मौका मिला। मैं अपने परिवार और अपने करीबियों का भी शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया। विकेट बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छा था। मैंने और श्रेयस भाई ने स्पेल से पहले अपनी योजना पर बात की थी और उसी पर टिके रहे। हमें लगा कि इस विकेट पर धीमी गेंद असरदार होगी। इसलिए हमने उसका इस्तेमाल किया।"
उन्होंने कहा, "पिछले महीने मैं इंडिया ए के साथ श्रीलंका दौरे पर गया था। मैंने वहां वन-डे और टेस्ट दोनों सीरीज खेली थीं। मैं हमेशा व्हाइट-बॉल और रेड-बॉल क्रिकेट दोनों के लिए अपने प्लान तैयार रखता हूं। मुझे दोनों पसंद हैं। मैं बस मैच खेलना चाहता हूं।"
यश ठाकुर ने अपने डेब्यू मैच में शानदार गेंदबाजी की। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट लिए। ठाकुर ने ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मारुमानी को आउट किया।
मैच पर नजर डालें तो जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारत ने 5 विकेट पर 219 रन बनाए थे। भारत की तरफ से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ईशान किशन ने 44 गेंदों पर 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 81 रन की पारी खेली। किशन के अलावा तिलक वर्मा ने भी 29 गेंदों पर 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए थे। 220 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी जिम्बाब्वे 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई और 90 रन के बड़े अंतर से मैच हार गई।
Tagsयश ठाकुर
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





