न्यूज
सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर हूती ने दागी मिसाइलें, जवाबी हवाई हमलों में मारे गए तीन
jantaserishta.com
19 Nov 2026 8:25 AM IST

x
सना: हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित एक हवाई अड्डे और वित्तीय केंद्र पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले का दावा किया है। वहीं, समूह ने आरोप लगाया कि मध्य यमन में सऊदी अरब के हवाई हमलों में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरीया ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि संगठन ने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और एक वित्तीय केंद्र पर बड़ी संख्या में क्रूज मिसाइलें दागीं। उन्होंने इसे यमन में नागरिक ठिकानों पर सऊदी हमलों के जवाब में की गई कार्रवाई बताया।
इससे पहले सरीया ने एक अन्य बयान में दावा किया था कि पिछले 24 घंटों के दौरान सऊदी विमानों और मिसाइलों ने यमन के विभिन्न हिस्सों में 87 हमले किए। उनके अनुसार, इन हमलों में राजधानी सना और आठ प्रांतों में नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया गया।
हूती संचालित अल-मसीरा टीवी ने बताया कि बुधवार को यमन के मध्यवर्ती इब्ब प्रांत में सऊदी हवाई हमलों में एक बच्चे समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस बीच, यमन में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि उसने हूतियों की ओर से रियाद और सऊदी अरब के दक्षिणी क्षेत्रों की तरफ भेजे गए दो ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया। गठबंधन के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में यह जानकारी दी। हालांकि, बयान में किसी तरह के नुकसान या हताहतों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई।
ये घटनाक्रम हूतियों और सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के समर्थन वाली यमन की सरकारी सेनाओं के बीच बढ़ती सैन्य झड़पों के बीच सामने आए हैं। हूती इससे पहले भी सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों और सैन्य ठिकानों पर मिसाइल एवं ड्रोन हमलों के दावे करते रहे हैं।
यमन में संघर्ष 2014 के अंत में शुरू हुआ था, जब हूतियों ने राजधानी सना और देश के उत्तरी हिस्से के बड़े क्षेत्र पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के समर्थन में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने 2015 में सैन्य हस्तक्षेप किया था।
TagsRiyadh
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





