न्यूज
हजारीबाग: महुआ शराब बनाने के दौरान जहरीली गैस से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
jantaserishta.com
27 May 2026 1:00 PM IST

x
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित कूद बस्ती में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि अवैध महुआ शराब निर्माण के दौरान बने जहरीले गैसयुक्त टैंक में उतरने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान बड़की देवी (50 वर्ष), उनके देवर महेंद्र साव (45 वर्ष) और बड़की देवी के 25 वर्षीय पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है। वहीं बड़की देवी के पति आनंद साव (55 वर्ष) गंभीर रूप से बीमार हैं और उनका इलाज हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पीड़ित परिवार लंबे समय से महुआ शराब निर्माण के कारोबार से जुड़ा हुआ था। हाल ही में शराब तैयार करने के लिए एक नया सेफ्टी टैंक बनाया गया था, जिसमें महुआ को सड़ाने के लिए रखा गया था। मंगलवार रात टैंक से सड़ा हुआ महुआ निकालने के लिए सबसे पहले बड़की देवी नीचे उतरीं। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार के अन्य सदस्यों को चिंता हुई।
बड़की देवी को देखने के लिए उनके देवर महेंद्र साव टैंक के अंदर गए, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकले। इसके बाद रवि कुमार अपनी मां और चाचा को देखने नीचे उतरे, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। तीनों के बाहर नहीं आने पर आखिर में आनंद साव टैंक में उतरे और वह भी गैस के असर से अचेत हो गए।
काफी देर तक किसी के बाहर नहीं आने पर घर और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह चारों को टैंक से बाहर निकाला। तब तक बड़की देवी, महेंद्र साव और रवि कुमार की मौत हो चुकी थी। आनंद साव को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बंद टैंक में सड़े महुआ से मिथेन समेत अन्य जहरीली गैसें उत्पन्न हो गई थीं। ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण चारों लोग बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, साथ ही अवैध शराब निर्माण के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
Tagsहजारीबाग
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





