न्यूज
फ्रेंच ओपन 2026: माजा च्वालिंस्का ने रचा इतिहास, फाइनल में पहुंचने वाली बनीं पहली क्वालिफायर खिलाड़ी
jantaserishta.com
5 Jun 2026 10:25 AM IST

x
पेरिस: पोलैंड की 24 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी माजा च्वालिंस्का ने फ्रेंच ओपन 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिला एकल सेमीफाइनल में रूस की डायना श्नाइडर को सीधे सेटों में 7-6(4), 6-4 से हराकर पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही वह रोलैंड गैरोस (फ्रेंच ओपन) के इतिहास में महिला एकल फाइनल तक पहुंचने वाली पहली क्वालिफायर खिलाड़ी बन गई हैं।
विश्व रैंकिंग में 114वें स्थान पर मौजूद च्वालिंस्का ने इस टूर्नामेंट में अब तक कुल नौ मुकाबले जीते हैं। इनमें तीन मैच क्वालिफाइंग दौर और छह मैच मुख्य ड्रॉ में शामिल हैं। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें ओपन एरा में ग्रैंड स्लैम फाइनल तक पहुंचने वाली सिर्फ दूसरी क्वालिफायर बना दिया है। इससे पहले, यह कारनामा ब्रिटेन की एम्मा राडुकानू ने 2021 यूएस ओपन में किया था, जहां उन्होंने खिताब भी जीता था।
सेमीफाइनल मुकाबले में च्वालिंस्का ने अपने शानदार खेल से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने स्पिन, गति और शॉट्स की दिशा में लगातार बदलाव करते हुए श्नाइडर पर दबाव बनाए रखा। इसके साथ ही उनकी बेहतरीन फिटनेस, तेज मूवमेंट और मजबूत डिफेंस ने जीत में अहम भूमिका निभाई। च्वालिंस्का और श्नाइडर के बीच हुआ सेमीफाइनल मुकाबला दो घंटे 10 मिनट तक चला।
जीत के बाद भावुक नजर आईं च्वालिंस्का कोर्ट पर ही बैठ गईं। उन्होंने कहा, “यह किसी सपने के सच होने जैसा है। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि मैंने क्या हासिल किया है। मैं बहुत खुश हूं और शब्दों में अपनी भावना व्यक्त नहीं कर सकती।" इस उपलब्धि के साथ च्वालिंस्का एक और खास सूची में शामिल हो गई हैं। वह इवोन गूलागोंग (1971) और क्रिस एवर्ट (1973) के बाद रोलैंड गैरोस के मुख्य ड्रॉ में अपने पहले ही अभियान में फाइनल तक पहुंचने वाली केवल तीसरी महिला खिलाड़ी बनी हैं।
खिताबी मुकाबले में च्वालिंस्का की भिड़ंत 8वीं वरीयता प्राप्त मीरा एंड्रीवा से होगी। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह पहली भिड़ंत होगी। ऐसे में फाइनल मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। च्वालिंस्का ने कहा, "मैं यहां पहले ही 9 मैच खेल चुकी हूं, इसलिए मुझे कोर्ट की परिस्थितियों की अच्छी समझ है। मैंने मीरा का खेल भी देखा है और वह शानदार खेल रही हैं। यह मेरे लिए एक बड़ा अवसर है और मैं फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगी।"
Tagsफ्रेंच ओपन 2026
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





