न्यूज
दिल्ली के विश्वास नगर में घर के अंदर आग लगने से चार लोगों की मौत
jantaserishta.com
29 Nov 2026 8:27 AM IST

x
नई दिल्ली: दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक घर में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल, दिल्ली पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
यह घटना शाहदरा जिले के फर्श बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत विश्वास नगर इलाके में यूनिटी मॉल के पास गली नंबर 11 में हुई। अधिकारियों ने बताया कि आग सुबह करीब 4.15 बजे इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जहां ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चल रहा था। यह घर लगभग 60 वर्ग गज में फैला हुआ था।
बताया गया कि आग लगने के समय घर के अंदर छह लोग सो रहे थे। आग की एक चिंगारी उठी और उसने पूरे घर को चपेट में ले लिया। घर में आग लगने से आसपास अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) को इमरजेंसी कॉल मिलने के तुरंत बाद चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया गया और सुबह करीब 5 बजे तक आग बुझा दी गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकल विभाग के कर्मचारियों ने छह लोगों को बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें तुरंत हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उनमें से चार लोगों की मौत हो गई। दो अन्य लोग झुलस गए और उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया, "मौके पर चार लोगों की मौत हो गई थी और बाकी दो लोगों को अस्पताल भेज दिया गया। उनकी हालत अभी स्थिर है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।" फिलहाल, आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी आनी बाकी है। पुलिस ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की है।
एक अन्य घटना में उत्तर-पश्चिम दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के बी-85 में प्लास्टिक के सैनिटरी आइटम बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लग गई। दिल्ली फायर सर्विस को रविवार सुबह करीब 3.50 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर दो दमकल गाड़ियां, दो पानी के टैंकर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल भेजा गया।
आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जहां कार्डबोर्ड के डिब्बे भी रखे हुए थे। लगभग 200 वर्ग गज में बनी इस इमारत में ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल थी। सुबह 4.05 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया, जबकि आग बुझाने का अभियान सुबह करीब 5.20 बजे खत्म हुआ। फैक्ट्री में लगी इस आग में किसी की जान जाने की खबर नहीं है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





