न्यूज
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की चेतावनी
jantaserishta.com
7 Aug 2026 11:35 AM IST

x
गुवाहाटी: असम में बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को भी चिंताजनक बनी रही। गोलाघाट जिले में धनसिरी (दक्षिण) नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने सार्वजनिक सलाह जारी कर आसपास के इलाकों में रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने और स्थिति में सुधार होने तक नदी से दूर रहने का का आग्रह किया है।
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है, जब बाढ़ से 15 जिलों में 1.68 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। एएसडीएमए के नवीनतम बाढ़ बुलेटिन के अनुसार, 39 राजस्व सर्किलों के 481 गांवों में 1,68,701 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। 14,382 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि अभी भी जलमग्न है, जिससे कई जिलों में कृषि गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
गोलाघाट बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिला बना हुआ है, जहां 54,085 लोग प्रभावित हुए हैं, इसके बाद शिवसागर (49,515), जोरहाट (27,842) और चराइदेव (21,486) का स्थान आता है। शिवसागर, जोरहाट, लखीमपुर और चराइदेव से भी फसलों को भारी नुकसान होने की खबरें मिली हैं।
एएसडीएमए ने कहा कि नुमालीगढ़ में धंसिरी (दक्षिण) नदी खतरे के स्तर से ऊपर बह रही है, हालांकि राज्य में किसी भी नदी में बाढ़ का उच्चतम स्तर दर्ज नहीं किया गया है। राज्य सरकार ने प्रभावित जिलों में 133 राहत शिविरों और राहत वितरण केंद्रों को चालू रखा है।
कुल 10,111 विस्थापित लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं, जबकि 35,596 अन्य लोगों को राहत वितरण केंद्रों के माध्यम से सहायता मिल रही है। राहत एजेंसियों ने प्रभावित परिवारों में चावल, दालें, खाद्य तेल, पशु चारा और अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित की हैं।
वहीं, बाढ़ से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। गोलाघाट और उदलगुरी जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि फिलहाल किसी के लापता होने की खबर नहीं है। इस आपदा से 41,475 जानवर भी प्रभावित हुए हैं और 365 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें से 40 पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। अधिकारियों द्वारा राहत, बचाव और पुनर्स्थापन अभियान जारी रखने के कारण बचाव दल संवेदनशील क्षेत्रों में नौकाओं और कर्मियों के साथ तैनात हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





