न्यूज
द्वारका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास में तीन साल से फरार घोषित अपराधी गिरफ्तार
jantaserishta.com
5 Jun 2026 10:44 AM IST

x
नई दिल्ली: द्वारका जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने हत्या के प्रयास के एक मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे घोषित अपराधी (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अवनीश उर्फ कुनाल (28) के रूप में हुई है, जिसे विकास नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया।
द्वारका जिला पुलिस के अनुसार, आरोपी अवनीश उर्फ कुनाल को थाना डाबरी में दर्ज एफआईआर संख्या 824/2022 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 307/34 (हत्या का प्रयास) के मामले में 16 फरवरी 2023 को द्वारका कोर्ट द्वारा घोषित अपराधी घोषित किया गया था। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता पर चाकू से जानलेवा हमला करने के बाद फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने अपना पुराना पता छोड़ दिया और विकास नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पुलिस से बचता रहा। द्वारका के डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देश पर जिले की एंटी-बर्गलरी सेल लगातार घोषित अपराधियों और गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इंस्पेक्टर विवेक मैंदोला के नेतृत्व में गठित टीम, जिसमें एएसआई राजेश, हेड कांस्टेबल प्रवीण, हेड कांस्टेबल कृष्ण और महिला हेड कांस्टेबल सोनिया शामिल थीं, को आरोपी की तलाश में लगाया गया था। एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक की निगरानी में टीम को एक मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी विकास नगर इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने विकास नगर में छापेमारी की और आरोपी अवनीश उर्फ कुनाल को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अवनीश दिल्ली का रहने वाला है। उसके पिता एक फैक्ट्री में मजदूर हैं जबकि मां घरेलू सहायिका के रूप में काम करती हैं। उसने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की, जिसके बाद पढ़ाई छोड़ दी। बाद में वह गलत संगत में पड़ गया और नशे का आदी हो गया। नशे की लत पूरी करने के लिए उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2022 को शिकायतकर्ता के साथ हुए विवाद के बाद अवनीश और उसके साथियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया था। हमले में शिकायतकर्ता के पेट में गंभीर चोटें आई थीं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया था और तब से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
Tagsद्वारका पुलिस
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





