खेल

डीनो और मेरी दोस्ती 35 साल पुरानी थी, उनकी बहुत याद आएगी : कपिल देव

Janta se Rishta
25 Sep 2020 12:32 PM GMT
डीनो और मेरी दोस्ती 35 साल पुरानी थी, उनकी बहुत याद आएगी : कपिल देव
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | भारतीय टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व दिग्गज और दिवंगत खिलाड़ी डीन जोन्स को याद किया है, जिनका गुरुवार की दोपहर को मुंबई में निधन हो गया। कपिल देव ने कहा है कि डीन जोंस का भारत के प्रति बेहद प्यार था। पूर्व भारतीय कप्तान ने बताया है कि कोई भी विदेशी खिलाड़ी डीनो से अधिक बार भारत नहीं आया होगा। कपिल ने कहा कि जोंस के साथ उनकी दोस्ती 35 साल की थी और वह उन्हें बेहद याद करेंगे।

बता दें कि आइपीएल 2020 की कमेंट्री के लिए मुंबई आए डीन जोंस का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह मुंबई के होटल में रुके हुए थे। कपिल देव ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा, "डीनो मेरे काफी करीबी दोस्त थे। उनके निधन की खबर सुनकर मैं काफी दुखी हूं। मुझे उनके परिवार के लिए दुख है। आप उन्हें याद करोगे, लेकिन उनका परिवार मुश्किल दौर का सामना करेगा। मैं उन्हें 35 साल से जानता था।"

उन्होंने कहा, "वह महान क्रिकेटर थे और सर्वश्रेष्ठ एथलीटों में से एक। विकेटों के बीच दौड़ने के वो मास्टर थे। वह एक शानदार कॉमेंटेटर थे और उनका सेंस ऑफ ह्यूमर शानदार था।" कपिल ने साथ ही बताया कि जोंस के साथ घनिष्ठता होने के कारण साथ ही पेशेवर कामों के कारण उन्होंने भारत का कई बार दौरा किया।

1983 विश्व कप विजेता कप्तान ने कहा, "शायद किसी और विदेशी खिलाड़ी ने डीनो से ज्यादा बार भारत का दौरा नहीं किया। उन्होंने शायद 100 बार से ज्यादा भारत का दौरा किया, लेकिन अब वो चले गए हैं, वह 60 साल के भी नहीं थे। मैल्कम मार्शल भी काफी कम उम्र में चले गए थे।" कपिल देव ने इस कंगारू दिग्गज को 20 पारियों चार बार आउट किया था।

जोंस का भारत के प्रति प्रेम इसलिए भी था, क्योंकि उन्होंने अपना पहला शतक चेन्नई की उमस भरी गर्मी में जड़ा था। इसके बाद वे बीमार हो गए थे। वहीं, संन्यास के बाद डीन जोंस ने भारतीय टीवी चैनलों के साथ काम करना शुरू कर दिया था। यहां उनको प्रोफेसर डीनो नाम मिला। यही नाम उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल का भी रखा था।

Next Story