न्यूज

'डिजिटल इंडिया' पहल विकसित और आत्मनिर्भर भारत की सशक्त नींव: प्रधानमंत्री मोदी

jantaserishta.com
1 July 2026 10:32 AM IST
डिजिटल इंडिया पहल विकसित और आत्मनिर्भर भारत की सशक्त नींव: प्रधानमंत्री मोदी
x
नई दिल्ली: 'डिजिटल इंडिया' के 11 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये पहल विकसित और आत्मनिर्भर भारत की सशक्त नींव है। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में इसने गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही देशवासियों के जीवन को आसान बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर 'डिजिटल इंडिया' को लेकर कई पोस्ट किए। उन्होंने एक 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आज 'डिजिटल इंडिया' पहल को शुरू हुए 11 साल पूरे हो रहे हैं। इस पहल ने गवर्नेंस को नए सिरे से परिभाषित किया है, नागरिकों को सशक्त बनाया है और सर्वांगीण विकास को गति दी है। इसने जीवन के हर पहलू को प्रभावित किया है। आसान डिजिटल पेमेंट और लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ सीधे लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) से लेकर डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार तक, टेक्नोलॉजी 'ईज ऑफ लिविंग' को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन गई है।"
पीएम मोदी ने इस पोस्ट में आगे कहा, "डिजिटल इंडिया ने नवाचार की लहर को भारत के हर हिस्से, खासकर गांवों और टियर-2 व टियर-3 शहरों तक पहुंचाया है। देश के हर कोने से युवा उद्यमी, स्टार्टअप और इनोवेटर हमारे ग्रह के सामने मौजूद गंभीर चुनौतियों के समाधान तैयार कर रहे हैं। इस पहल ने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, व्यापार और सार्वजनिक सेवा वितरण को मजबूत किया है, जिससे गवर्नेंस अधिक पारदर्शी, कुशल और सुलभ हो गई है।"
उन्होंने कहा, "डिजिटल क्षेत्र में हमारी प्रगति ने यह सुनिश्चित किया है कि भारत एआई, सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग और अन्य उभरती हुई तकनीकों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे विकास और अवसरों के नए रास्ते भी खुलेंगे। हमारा ध्यान एक ऐसे भविष्य के निर्माण पर रहेगा जहां तकनीक मानवता की सेवा करे, हर नागरिक को सशक्त बनाए और टिकाऊ विकास को बढ़ावा दे।"
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, "डिजिटल इंडिया के 11 सालों की सफलता से भारतवर्ष को दुनियाभर में एक नई पहचान मिली है। इससे इनोवेशन और टेक्नोलॉजी को अपनाकर देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की देशवासियों की संकल्पशक्ति का पता चलता है।"
उन्होंने 'संस्कृत सुभाषितम्' शेयर करते हुए लिखा, "विज्ञानसारथिर्यस्तु मनःप्रग्रहवान्नरः। सोऽध्वनः पारमाप्नोति तद्विष्णोः परमं पदम्।" इसका अर्थ है, "वह मनुष्य जिसकी विवेकपूर्ण बुद्धि वैज्ञानिक सारथि के समान जागरूक हो और जिसका मन संयमित हो, वह जीवन-पथ की जटिलताओं को पार कर परम लक्ष्य तक पहुंच जाता है।"
पीएम मोदी ने एक और पोस्ट किया, "डिजिटल इंडिया विकसित और आत्मनिर्भर भारत की सशक्त नींव है। बीते 11 वर्षों में इसने गरीबों और वंचितों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही देशवासियों के जीवन को आसान बनाया है। ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के विस्तार से लेकर डिजिटल ट्रांजैक्शन तक इस अभियान की अभूतपूर्व सफलता ने दुनियाभर का ध्यान भारत की ओर खींचा है।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story