न्यूज
दिल्ली: रोहिणी सेक्टर 16 में इमारत गिरने से अब तक तीन लोगों की मौत
jantaserishta.com
9 July 2026 9:45 AM IST

x
नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 इलाके में एक इमारत गिरने की घटना में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) ने इसकी पुष्टि की है। दिल्ली फायर सर्विस ने अपने एक बयान में बताया कि रोहिणी सेक्टर 16 में इमारत गिरने की घटना में अब तक मलबे से चार लोगों को निकाला गया है, जिनमें से तीन की मौत हो गई है।
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच बुधवार देर शाम रोहिणी जिले के केएन काटजू थाना क्षेत्र के सेक्टर-16 इलाके में एक इमारत भरभराकर गिरी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई।
स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की। इस दौरान, घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और राहत व बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
फिलहाल इमारत गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से अभी तक किसी के हताहत होने या मलबे में फंसे लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एक स्थानीय व्यक्ति ने बुधवार को बताया कि मकान मालिक समेत तीन से चार मजदूर इस मलबे में दबे थे, जबकि एक राहगीर भी चपेट में आया। उन्होंने घटना पर दुख जताया और इमारत के निर्माण में खराब सामग्री के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया।
एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि उन्हें फोन पर इमारत के गिरने की सूचना मिली थी। यह आम रास्ता है और नजदीक स्कूल भी है। उन्होंने बताया कि हादसे के समय उनका भाई यहां से गुजर रहा था, जो मलबे में दब गया। उन्होंने बताया कि यह एक निर्माणाधीन इमारत थी, जो लगभग बनकर तैयार हो चुकी थी।
वहीं, एक युवक ने आईएएनएस को बताया कि वह दूसरी गली में रहता है। मकान गिरने की आवाज सुनाई पड़ी थी और उसके बाद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी। युवक ने बताया कि गनीमत यह है कि शुक्रवार का दिन नहीं था, क्योंकि यहां शुक्रवार बाजार लगता है। इस दौरान छोटे दुकानदारों और रेहड़ी वालों की भीड़ रहती है। इस कारण सैकड़ों लोग दब सकते थे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





