न्यूज

रक्षा सचिव की एडमिरल पापारो से मुलाकात, भारत-अमेरिका के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा

jantaserishta.com
6 Oct 2026 3:48 PM IST
रक्षा सचिव की एडमिरल पापारो से मुलाकात, भारत-अमेरिका के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
x
नई दिल्ली: रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में अमेरिकी पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल सैमुअल पापारो से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका रक्षा और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। साथ ही, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए।
बैठक के बाद रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर ल‍िखा, "रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने भारत दौरे पर आए अमेरिकी पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल सैमुअल पापारो से मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका रक्षा और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा किए।"
इससे पहले सोमवार को एडमिरल पापारो ने भारत यात्रा के दौरान कई वरिष्ठ भारतीय रक्षा अधिकारियों से मुलाकात की। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि इन बैठकों ने अमेरिका-भारत के बीच अहम रक्षा साझेदारी के महत्व को दिखाया।
गोर ने 'एक्स' पर लिखा, "भारत में एडमिरल सैमुअल पापारो की मेजबानी करना सम्मान की बात है। एडमिरल पापारो अमेरिका के सबसे अहम सैन्य लीडर्स में से एक हैं। वह अमेरिकी पैसिफिक कमांड की कमान संभालते हैं, जो देश की सबसे पुरानी और सबसे बड़ी भौगोलिक सैन्य कमांड है। इसके तहत दुनिया के लगभग आधे हिस्से में करीब 4 लाख सैन्य और नागरिक कर्मचारी आते हैं।"
उन्होंने कहा कि एडमिरल पापारो ने भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि, थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, वायु सेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ एयर मार्शल तेजिंदर सिंह और दूसरे वरिष्ठ भारतीय रक्षा अधिकारियों के साथ मुलाकात की।
गोर के मुताबिक, इन मुलाकातों में अमेरिका-भारत की प्रमुख रक्षा साझेदारी की बढ़ती ताकत, महत्व और भविष्य की संभावनाओं पर जोर दिया गया। इससे पहले एडमिरल पापारो ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की थी। दोनों ने सुरक्षा साझेदारी और समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
जयशंकर ने 'एक्स' पोस्‍ट में लिखा, "अमेरिकी पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल सैमुअल जे. पापारो से मिलकर खुशी हुई। हमने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपनी सुरक्षा साझेदारी और समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।"
एडमिरल पापारो दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी मजबूत करने के मकसद से छह दिन के आधिकारिक दौरे पर तीन अक्टूबर को नई दिल्ली पहुंचे थे। भारतीय अधिकारियों के साथ उनकी बातचीत में दोनों देशों की साझा सुरक्षा प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई। इनमें डिजिटल बदलाव और नई तकनीकों का इस्तेमाल, क्षेत्रीय रणनीतिक स्थिरता बनाए रखना, रक्षा क्षेत्र में ऊर्जा से जुड़ी मजबूती बढ़ाना और तेजी से बढ़ती तकनीकी प्रतिस्पर्धा से निपटना शामिल है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story