न्यूज

कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति कर रही, टीएमसी में भगदड़ शुरू: दिलीप जायसवाल

jantaserishta.com
3 Jun 2026 12:17 PM IST
पटना: बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने बुधवार को विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने जगद्गुरु रामभद्राचार्य की भविष्यवाणी, मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर सीएम मोहन यादव के बयान, कांग्रेस की राजनीति, पश्चिम बंगाल में टीएमसी की स्थिति समेत कई अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखी।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य द्वारा उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की जीत की भविष्यवाणी किए जाने पर मंत्री जायसवाल ने कहा कि उन्हें रामभद्राचार्य से मिलने का अवसर मिला है और वे अंतर्यामी संत हैं। उन्होंने कहा कि भले ही रामभद्राचार्य देख नहीं सकते, लेकिन उनकी मन की दृष्टि अत्यंत प्रखर है और उन्हें बहुत सी बातों का आभास होता है। उन्होंने कहा कि देश में सनातन धर्म का अपमान नहीं होना चाहिए। जायसवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के कुछ नेता तुष्टीकरण की राजनीति के तहत वोट बैंक के लिए देश के बहुसंख्यक सनातन समाज को अपमानित करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि जात-पात खत्म करने की बात अच्छी है, लेकिन वोट बैंक की राजनीति के लिए सनातन पर हमला करना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कर्नाटक में डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री पद की शपथ को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलीप जायसवाल ने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया। उन्होंने कहा कि पहले सिद्धारमैया मुख्यमंत्री थे और अब शिवकुमार होंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने दबाव में आकर यह फैसला लिया है और एक लोकप्रिय नेता का अपमान करने का काम किया है।
मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को लेकर सीएम मोहन यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि यूसीसी भाजपा का जनता से किया गया वादा है। जहां-जहां इसकी आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहां राज्य सरकारें इस विषय पर विचार कर रही हैं और भाजपा इस मुद्दे पर प्रतिबद्ध है।
पटना में शिक्षक खान सर के खान स्टडी सेंटर पर बीती रात हुई गोलीबारी और पत्थरबाजी की घटना पर उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी लोग इस घटना में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलेगी।
पश्चिम बंगाल की पू्र्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टीएमसी विधायकों के साथ हुई बैठक में कई विधायकों के अनुपस्थित रहने के सवाल पर जायसवाल ने कहा कि बंगाल में टीएमसी और ममता बनर्जी की दुकानदारी अब बंद हो रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब टीएमसी से दूरी बना रही है और पार्टी के भीतर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में टीएमसी के कई नेता और विधायक दूसरी दिशाओं में जा सकते हैं।
बिहार सरकार द्वारा राज्य के सभी अनुदानित मदरसों और संस्कृत विद्यालयों की जमीनी स्थिति की जांच के निर्देश पर मंत्री ने कहा कि यह एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जहां भी सरकारी अनुदान दिया जाता है, वहां समय-समय पर उसकी वास्तविक स्थिति और उपयोगिता की जांच की जाती है। इसमें कोई असामान्य बात नहीं है।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के उस बयान पर कि वंदे मातरम का पूरा गीत गाना आवश्यक नहीं है, जायसवाल ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत सोच हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच स्पष्ट है कि वंदे मातरम देश की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है और इसे सभी को गाना चाहिए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story