न्यूज
'सिगरेट पीते पकड़ लिया था...', बेटे अमित कुमार ने सुनाया किशोर कुमार के गुस्से का यादगार किस्सा
jantaserishta.com
28 Jun 2026 10:08 AM IST

x
मुंबई: दिग्गज पार्श्व गायक और अभिनेता किशोर कुमार अपनी शानदार आवाज, बेहतरीन अभिनय और अनोखे अंदाज के लिए आज भी याद किए जाते हैं। लेकिन उनके बेटे अमित कुमार ने हाल ही में अपने पिता से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने उनके सख्त और अनुशासनप्रिय स्वभाव की झलक भी दिखा दी।
अमित कुमार ने बताया कि बचपन में जब किशोर कुमार ने उन्हें सिगरेट पीते हुए देख लिया था, तब वह बेहद गुस्से में आ गए थे।
अमित कुमार अपनी मां और अभिनेत्री लीना चंदावरकर के साथ म्यूजिक रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बचपन की एक याद साझा करते हुए बताया कि यह घटना उस समय की है, जब वे अमेरिका के वाशिंगटन में एक शो के लिए गए हुए थे।
अमित कुमार ने कहा, "वाशिंगटन में बाबा (किशोर कुमार) का शो था। मम्मी भी उनके साथ गई थीं। मुझे मेरे बड़े भाई के कमरे में छोड़ दिया गया था। शाम करीब साढ़े आठ बजे भाई के कमरे में ड्रिंक, बर्फ और सिगरेट आ गई। मेरे पास करने के लिए कुछ नहीं था, इसलिए मैं भाई को देख रहा था। उन्हें सिगरेट पीते देख मैंने भी जिद शुरू कर दी कि मुझे भी सिगरेट चाहिए।"
उन्होंने आगे बताया, "भाई मेरी जिद से परेशान हो गए और आखिर में बोले, 'अच्छा लो, तुम भी ले लो।' फिर मैं शीशे के सामने खड़ा होकर भाई की नकल करते हुए सिगरेट पीने की कोशिश कर रहा था।"
अमित कुमार ने बताया कि तभी अचानक कमरे का दरवाजा खुला और किशोर कुमार अपनी पत्नी लीना चंदावरकर के साथ अंदर आ गए। उन्होंने कहा, "बाबा को किसी का शराब पीना या सिगरेट पीना बिल्कुल पसंद नहीं था। जैसे ही वे कमरे में आए, उसके बाद की हर बात मुझे आज भी अच्छी तरह याद है। उससे पहले की बातें तो धुंधली हैं।"
इसके बाद अमित कुमार ने अपने पिता के गुस्से का जिक्र करते हुए कहा, "जब बाबा ने जोर से डांटा, तो मैं कसम खाकर कहता हूं कि गाने में जो उनकी दमदार आवाज आप सुनते हैं, वही आवाज होटल की दो मंजिल ऊपर और दो मंजिल नीचे तक जरूर गई होगी। ऐसा लगा जैसे कोई धमाका हो गया हो। उस वक्त मेरी हालत बहुत खराब हो गई थी।"
हालांकि, इस घटना को याद करते हुए अमित आज मुस्कुरा देते हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा, "लेकिन मैं तब बहुत छोटा और नासमझ था। मुझे तो सिगरेट दे दी गई थी। इसलिए इसमें पूरी गलती मेरी भी नहीं थी।"
Tagsकिशोर कुमार
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





