न्यूज
आरआर पर मिली धमाकेदार जीत से खुश कप्तान गिल, बोले- मैच को खत्म करना चाहता था
jantaserishta.com
30 May 2026 11:28 AM IST

x
न्यू चंडीगढ़: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को 7 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही जीटी ने फाइनल का टिकट भी हासिल कर लिया है। कप्तान शुभमन गिल टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश नजर आए। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह मैच को खत्म करके वापस आना चाहते थे।
शुभमन गिल ने महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली और जीटी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने साई सुदर्शन (58) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 167 रनों की साझेदारी निभाई और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। जीत के बाद गिल ने कहा, "टॉस के समय थोड़ा कन्फ्यूजन था, लेकिन जीत की खुशी है।"
साई सुदर्शन के साथ अपनी साझेदारी पर बात करते हुए गिल ने कहा, "मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे को बहुत अच्छे से समझते हैं। हम एक-दूसरे के गेम को बहुत अच्छे से जानते हैं। जब हम बैटिंग कर रहे होते हैं, तो हमारी बातचीत बहुत अच्छी होती है। हम जानते हैं कि हममे में से किसी एक को आक्रामक बल्लेबाजी करनी है। मेरे हिसाब से हम यह तय करने में बहुत अच्छे हैं कि कौन किस गेंदबाज के खिलाफ अटैक करेगा।"
अपनी शतकीय पारी को लेकर कप्तान गिल ने कहा, "मुझे लगता है कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस तरह के जोन में हैं। मैं सिर्फ गैप और गेंदबाज को देख रहा था और मेरा ध्यान इस बात पर था कि गेंद को कहां मारना है। मैं गेंद को जोर से मारने की कोशिश नहीं कर रहा था। मैं मैच को खत्म करना चाहता था, लेकिन मैं जिस तरह से आउट हुआ वह काफी निराशाजनक था।"
दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 214 रन लगाए। टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर शानदार पारी खेली और 47 गेंदों में 96 रन बनाए। वहीं, रवींद्र जडेजा ने 35 गेंदों में 45 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अंत के ओवरों में डोनोवन फेरेरा ने महज 11 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए। हालांकि, गिल की 53 गेंदों पर खेली गई 104 रनों की लाजवाब पारी और साई सुदर्शन द्वारा 32 गेंदों में बनाए गए 58 रनों की बदौलत जीटी ने 215 रनों के लक्ष्य को आसानी से 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस की भिड़ंत रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी।
Tagsआरआर
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





