न्यूज

किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है भाजपा : पंजाब भाजपा अध्यक्ष

jantaserishta.com
22 July 2026 8:58 AM IST
किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है भाजपा : पंजाब भाजपा अध्यक्ष
x
चंडीगढ़: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को कहा कि किसानों से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं आश्वस्त कर चुके हैं कि किसानों और पशुपालकों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार कई बार स्पष्ट कर चुकी है कि धान, गेहूं, दलहन, दूध और अन्य कृषि उत्पादों को प्रस्तावित व्यापार समझौते के दायरे से पूरी तरह बाहर रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक कोई समझौता अंतिम रूप नहीं दिया गया है और फिलहाल केवल बातचीत चल रही है। इसलिए किसानों को किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने कहा कि इन दलों ने हमेशा किसानों के नाम पर राजनीति की है और लगातार झूठा प्रचार फैलाया है। इसके विपरीत भाजपा हमेशा किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।
उन्होंने पंजाब के सभी किसानों से अपील की कि वे गलत सूचनाओं और भ्रामक प्रचार से सतर्क रहें तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा रखें। ढिल्लों ने कहा कि यदि किसी किसान संगठन को कोई शंका या चिंता है तो वह सरकार के साथ बातचीत कर सकता है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार किसानों से हर मुद्दे पर संवाद के लिए तैयार है।
भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा का एकमात्र उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना है, क्योंकि जब भारत का किसान समृद्ध होगा, तभी पंजाब भी वास्तव में समृद्ध होगा।
भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में पंजाब से हजारों किसान मंगलवार सुबह से दिल्ली कूच के लिए निकले लेकिन उन्हें शंभू, कुंडली और खनौरी बॉर्डर पर पुलिस द्वारा रोक दिया गया। पुलिस ने सीमा पर भारी बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। वहीं, किसानों ने साफ किया कि वे किसी भी बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश नहीं करेंगे और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।
हालांकि, बाद में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि हमें हरियाणा के एक मंत्री की ओर से यह आश्वासन दिया गया है कि वो आगामी दिनों में हमारी बातचीत केंद्रीय कृषि मंत्री से कराएंगे। 8-10 दिन के अंदर आपको इस संबंध में पत्र सौंपा जाएगा, जिसके बाद आपके लिए संवाद का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आगामी दिनों में होने वाली बातचीत में यह फैसला लिया जाएगा कि क्या कदम उठाने होंगे। इस संबंध में जो भी फैसले किए जाएंगे, उसके बारे में आपको जल्द ही सूचित कर दिया जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story