न्यूज
भाजपा विपक्ष को तोड़ने और धर्म के नाम पर ध्यान भटकाने की साजिश रच रही है: फखरुल हसन चांद
jantaserishta.com
2 Jun 2026 11:52 AM IST

x
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने मंगलवार को कई मुद्दों पर अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर जुबानी हमला किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति, परिसीमन, 'एक राष्ट्र, एक चुनाव', उत्तर प्रदेश में हुए एनकाउंटर, पेपर लीक, कानून-व्यवस्था, मध्य प्रदेश में यूसीसी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया दी।
पश्चिम बंगाल में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बैठक में कई विधायकों के नहीं पहुंचने और टीएमसी में कथित अंदरूनी असंतोष की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए फखरुल हसन चांद ने कहा कि भाजपा का चरित्र हमेशा से विपक्षी दलों को तोड़ने का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में जिस तरह की हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे वहां के जनप्रतिनिधियों में भय और दहशत का माहौल है।
उन्होंने कहा कि चुने हुए सांसदों पर हमले हो रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। सपा प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि जब पहले बंगाल में कोई घटना होती थी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह प्रतिक्रिया देते थे, लेकिन अब हिंसा के मुद्दे पर केंद्र सरकार खामोश क्यों है।
केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन और 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की दिशा में बढ़ाए जा रहे कदमों पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा की नीयत साफ नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में विपक्ष ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया था, लेकिन अब परिसीमन को लेकर भाजपा अलग एजेंडा चला रही है। उन्होंने कहा कि 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की मांग राष्ट्रीय दलों की है और इसका उद्देश्य क्षेत्रीय दलों को कमजोर करना है। समाजवादी पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास का समर्थन नहीं करेगी।
यूपी में हो रहे एनकाउंटर को लेकर सपा नेता अबू आजमी के बयान पर फखरुल हसन चांद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हो रहे एनकाउंटर और 'हाफ एनकाउंटर' पर सवाल लगातार उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव द्वारा जारी पीडीए ऑडिट में ऐसे आंकड़े सामने आए हैं, जिनमें पीडीए समाज के लोगों के खिलाफ कार्रवाई अधिक दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उन्हें अबू आजमी के बयान पर टिप्पणी नहीं करनी है, लेकिन पीडीए समाज के साथ अन्याय हो रहा है।
पेपर लीक और एनटीए की कार्यप्रणाली लेकर सपा प्रवक्ता ने कहा कि परीक्षा कराना सरकार और एनटीए की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में जांच चल रही है और इससे स्पष्ट है कि सरकार की जांच पर भरोसा नहीं किया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं और अभ्यर्थियों का भाजपा सरकार पर से विश्वास उठता जा रहा है और परीक्षा प्रणाली लगातार सवालों के घेरे में है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान 'दोस्ती के नाम पर विश्वासघात और हिंसा स्वीकार नहीं की जा सकती' पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हाल में दो ऐसी घटनाएं हुईं, जिनमें दोस्तों ने अपने ही मित्र की हत्या की। लेकिन जिन मामलों में धार्मिक कोण था, उन्हें अधिक प्रचार मिला। उन्होंने कहा कि हर अपराध को धार्मिक चश्मे से देखना गलत है और भाजपा जनता का ध्यान बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे असली मुद्दों से हटाना चाहती है।
सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवाद पर फखरुल हसन चांद ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शायद ही कोई परीक्षा विवादों से बच पाई हो। उन्होंने कहा कि अब बच्चों की परीक्षाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं और शिक्षा को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए।
दिल्ली के उस्मानपुर में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या की घटना पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि चाहे उत्तर प्रदेश हो या दिल्ली, ऐसी सभी घटनाएं निंदनीय हैं और प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के विरोध में कोलकाता में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि बंगाल में चुने हुए सांसदों पर खुलेआम हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरा इंडिया गठबंधन इस मुद्दे पर ममता बनर्जी के साथ खड़ा है।
बिजनौर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों, पूर्व सैनिकों और पट्टाधारकों को भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र देने पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रवक्ता ने कहा कि सभी नागरिकों को घर देना सरकार की जिम्मेदारी है। लेकिन भाजपा शासित राज्यों में गरीबों और आम लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घर का अधिकार सभी को मिलना चाहिए और सरकार का काम घर देना है, न कि घर गिराना।
मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर सुझाव मांगे जाने पर फखरुल हसन चांद ने कहा कि सरकार को बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था पर सुझाव मांगने चाहिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में सरकारें रोजगार, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर चर्चा नहीं करतीं और केवल धार्मिक मुद्दों को उछालती हैं।
'गाय हमारी माता है, पशु नहीं' वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रवक्ता ने कहा कि सभी धार्मिक भावनाओं का सम्मान होना चाहिए, लेकिन उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि देश में मांस निर्यात में उत्तर प्रदेश की बड़ी हिस्सेदारी को लेकर सरकार का क्या रुख है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर बार धर्म-आधारित मुद्दों को उठाकर बेरोजगारी, महंगाई, किसान और मजदूरों के सवालों से बचने का प्रयास करती है।
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के सोशल मीडिया पोस्ट 'अखिलेश यादव, आपसे डर नहीं लगता' पर प्रतिक्रिया देते हुए फखरुल हसन चांद ने कहा कि राजभर समाज के लोगों की हत्या के मामलों पर ओम प्रकाश राजभर चुप रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजभर भाजपा से सवाल पूछने से डरते हैं और सत्ता का लाभ उठा रहे हैं। सपा प्रवक्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार ऐसे मामलों को उठाती रहेगी और जनता के सवालों को सामने रखती रहेगी।
Tagsफखरुल हसन चांद
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





