न्यूज
बिहार: पटना समेत कई जिलों में बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
jantaserishta.com
29 May 2026 2:06 PM IST

x
पटना: बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व हिस्से में चक्रवाती प्रभाव के बाद बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
पटना में शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई। वहीं, घने बादलों की वजह से दिन में भी अंधेरा जैसा माहौल नजर आया। ठंडी हवाओं से लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है।
पटना स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में बिहार के अधिकांश जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सीमांचल क्षेत्र के कटिहार और पूर्णिया जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं का विशेष अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
विभाग के मुताबिक, इस दौरान कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
गुरुवार को पटना समेत कम से कम 10 जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं, कैमूर जिले के भभुआ में राज्य का सबसे अधिक तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रोहतास और मधुबनी जैसे जिलों में तेज हवाएं चलीं, जहां हवा की रफ्तार करीब 37 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। पिछले 24 घंटों में गया के इमामगंज में 6.4 मिमी, बांके बाजार में 1.4 मिमी और मधेपुरा में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले एक सप्ताह तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
हालांकि, बीच-बीच में होने वाली बारिश और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी, लेकिन कुछ जिलों में उमस बनी रह सकती है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून के 12 जून से 18 जून के बीच बिहार पहुंचने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र और मजबूत होता है, तो मानसून तय समय से पहले भी बिहार पहुंच सकता है।
Tagsबिहार
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





