न्यूज

बिहार: मोतिहारी में कुख्यात नरेश पांडे के ठिकानों पर छापेमारी; 16 लाख नकद, हथियार बरामद

jantaserishta.com
15 July 2026 2:31 PM IST
बिहार: मोतिहारी में कुख्यात नरेश पांडे के ठिकानों पर छापेमारी; 16 लाख नकद, हथियार बरामद
x
मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने कुख्यात अपराधी नरेश पांडे के कई ठिकानों पर बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये नकद, हथियार, नेपाली मुद्रा, सोने-चांदी के आभूषण और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए। कार्रवाई के दौरान उसके सहयोगी उज्जवल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी नरेश पांडे फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने आईएएनएस को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि छतौनी थाना क्षेत्र स्थित नरेश पांडे के ठिकाने पर किसी बड़ी अवैध डील की तैयारी चल रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और भारी पुलिस बल के साथ कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, नेपाली करेंसी, एक लोडेड देसी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, शराब की बोतल, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण (अनुमानित करीब 80 लाख रुपये की कीमत से ज्यादा) तथा दो दर्जन से अधिक जमीन के दस्तावेज बरामद किए।
पुलिस ने बरामद सभी सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि मौके से गिरफ्तार उज्जवल कुमार से पूछताछ की जा रही है। बरामद नकदी, हथियार और दस्तावेजों के स्रोत तथा इनके इस्तेमाल को लेकर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में इनका संबंध अवैध गतिविधियों से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, नरेश पांडे जिले का कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ मोतिहारी के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, जालसाजी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत 18 आपराधिक कांड दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार उसके विरुद्ध वर्ष 2009 से 2025 तक छतौनी, नगर, मुफस्सिल और पीपराकोठी थाना सहित विभिन्न थानों में भारतीय दंड संहिता, आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। एसपी ने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। बरामद सामान और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप है, जबकि स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story