न्यूज

बिहार: सहरसा में शुरू हुई पिंक बस सेवा, महिलाओं ने जताई खुशी, बोलीं- 'अब सफर होगा सुरक्षित'

jantaserishta.com
18 July 2026 11:03 AM IST
बिहार: सहरसा में शुरू हुई पिंक बस सेवा, महिलाओं ने जताई खुशी, बोलीं- अब सफर होगा सुरक्षित
x
सहरसा: बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से सहरसा जिले में शुरू की गई पिंक बस सेवा को महिलाओं का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। बस सेवा शुरू होने के बाद महिला यात्रियों ने राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित होगी, बल्कि रोजाना आने-जाने में भी काफी सहूलियत मिलेगी।
फिलहाल, सहरसा जिले को एक पिंक बस उपलब्ध कराई गई है। यह बस सहरसा से रहुआ, बाड़ा और नवहट्टा होते हुए मुरादपुर तक संचालित की जा रही है। बस प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे सहरसा से रवाना होती है और शाम करीब 4 बजे नवहट्टा से वापस सहरसा लौटती है। इस बस में कुल 24 सीटों की व्यवस्था है। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस में महिला कंडक्टर की तैनाती की गई है।
महिलाओं का कहना है कि यदि भविष्य में इस तरह की पिंक बसों की संख्या बढ़ाई जाए और अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इनका संचालन शुरू किया जाए, तो जिले की हजारों महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा और सार्वजनिक परिवहन में उनकी भागीदारी भी बढ़ेगी।
सरकारी शिक्षिका भावना ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई पिंक बस सेवा महिलाओं के लिए एक बहुत अच्छी पहल है। कामकाजी महिलाओं के पास हमेशा समय की पाबंदी होती है, और यह सेवा उन्हें सुरक्षित यात्रा करने और समय पर अपनी मंजिल तक पहुंचने में मदद करेगी। हम इस पहल के लिए राज्य सरकार का धन्यवाद करते हैं।"
एक अन्य शिक्षिका अनिता ने कहा, "सबसे पहले, मैं पिंक बस सेवा शुरू करने के लिए सरकार का धन्यवाद करती हूं। यह महिलाओं के लिए एक बहुत अच्छी पहल है। यह सेवा सुरक्षित है और चूंकि कंडक्टर भी एक महिला है, इसलिए महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान और भी अधिक सुरक्षित महसूस होता है।"
अनीता ने बताया कि पहले उन्हें प्रतिदिन स्कूल आने-जाने के लिए टेंपो और सामान्य बसों का सहारा लेना पड़ता था। भीड़भाड़ और असुविधा के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि पिंक बस सेवा शुरू होने के बाद अब महिला यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सम्मानजनक वातावरण मिल रहा है। इससे कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और अन्य महिला यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
बस की महिला कंडक्टर पूजा जायसवाल ने बताया कि राज्य सरकार ने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पिंक बस सेवा शुरू की है। उन्होंने कहा कि इस बस में सिर्फ महिला यात्रियों को यात्रा की सुविधा दी जा रही है, जिससे महिलाएं बिना किसी झिझक और डर के सफर कर सकें।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story