न्यूज
बिहार: विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने पर खगड़िया सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, विशेष ट्रेन चलाने की मांग
jantaserishta.com
9 May 2026 5:23 PM IST

x
भागलपुर: बिहार के कोसी-सीमांचल क्षेत्र में विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद उत्पन्न गंभीर यातायात संकट को लेकर खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा ने केंद्र सरकार से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर सहरसा और कटिहार से भागलपुर तक विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने का आग्रह किया है।
सांसद राजेश वर्मा ने अपने पत्र में कहा कि विक्रमशिला सेतु, जिसे कोसी-सीमांचल क्षेत्र की लाइफलाइन माना जाता है, 3 मई की देर रात एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होकर गंगा नदी में समा जाने के कारण पूरी तरह बाधित हो गया है। इस घटना के बाद लाखों लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है और पूरे इलाके में परिवहन संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि इस पुल के जरिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते थे। खासकर खगड़िया, सहरसा, कटिहार, नवगछिया, पूर्णिया और आसपास के जिलों के छात्र-छात्राएं, मरीज, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के लिए भागलपुर पर निर्भर रहते हैं। सेतु के बंद होने से इन सभी वर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद ने रेल मंत्री को यह भी अवगत कराया कि वर्तमान में खगड़िया, सहरसा और कटिहार से भागलपुर के लिए कोई सीधा रेल विकल्प उपलब्ध नहीं है, जिससे आमजन की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में रेलवे की त्वरित पहल ही लोगों को राहत दे सकती है। उन्होंने यह मांग की कि सहरसा और कटिहार जंक्शन से खगड़िया-मुंगेर रेल-सह-सड़क पुल के रास्ते भागलपुर तक एक सवारी (पैसेंजर) ट्रेन और एक एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन तुरंत शुरू किया जाए। उनका कहना है कि इससे यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा और क्षेत्र की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से न केवल लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि कोसी-सीमांचल क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। सांसद ने विश्वास जताया कि रेल मंत्रालय जनहित को प्राथमिकता देते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।
खगड़िया सांसद की इस पहल का क्षेत्र के लोगों ने स्वागत किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कदम उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने वाला है और इससे जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है।
Tagsबिहार
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





