न्यूज

टाइगर श्रॉफ हमलाः एआईसीडब्ल्यूए ने गृह मंत्री अमित शाह से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की, कहा-अंडरवर्ल्ड का खौफ फिर लौटा

jantaserishta.com
19 Oct 2026 12:38 PM IST
टाइगर श्रॉफ हमलाः एआईसीडब्ल्यूए ने गृह मंत्री अमित शाह से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की, कहा-अंडरवर्ल्ड का खौफ फिर लौटा
x
मुंबई: ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने टाइगर श्रॉफ, उनके परिवार और बॉलीवुड फिल्म उद्योग की सुरक्षा के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
एआईसीडब्ल्यूए अध्यक्ष ने कहा कि मुंबई के सबसे प्रमुख इलाकों में से एक जुहू में टाइगर श्रॉफ पर तब गोली चलाई गई, जब वे अपनी कार के अंदर बैठे थे। इस घटना में दो लोगों को गोलियां लगीं। घटना का वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बचे और उनकी सूझबूझ के कारण ही एक बड़ा हादसा टल गया। अगर उस स्थिति में कोई और होता, तो शायद वह इसे संभाल नहीं पाता। अगर हालात कुछ और होते, तो इसके परिणाम अकल्पनीय होते और तब सवाल यह उठता कि इसके लिए किसे जिम्मेदार ठहराया जाता?
टाइगर श्रॉफ का किसी भी विवाद या किसी से भी कोई दुश्मनी होने की जानकारी नहीं है। वे एक सम्मानित अभिनेता हैं, जिन्हें पूरे देश के दर्शक पसंद करते हैं। फिर भी उन्हें दिनदहाड़े निशाना बनाया गया। इस हमले के बाद से वे और उनका पूरा परिवार डर के साये में जी रहे हैं। इससे पता चलता है कि इन अपराधियों के मन से कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। एआईसीडब्ल्यू टाइगर श्रॉफ और उनके परिवार के साथ खड़ा है। हमारी मांग है कि उन्हें तुरंत पूरी सुरक्षा प्रदान की जाए।
सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा, "टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला कोई इकलौती घटना नहीं है। यह फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों पर हुए हमलों की एक श्रृंखला का हिस्सा है। बांद्रा में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग, बांद्रा स्थित घर पर अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला, जुहू में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग और कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर बार-बार हमले हुए। इससे पहले भी बॉलीवुड हस्तियों के घरों और ठिकानों के बाहर फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। इस बार, अपनी ही कार में बैठे एक अभिनेता को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। यह स्थिति का खतरनाक स्तर तक बढ़ना है। फिल्म हस्तियों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है, ताकि डर पैदा किया जा सके और उनसे जबरन वसूली की जा सके। पिछली घटनाओं में गैंगस्टरों ने खुलेआम जिम्मेदारी ली थी, फिर भी उनके पीछे काम करने वाले नेटवर्क अभी भी सक्रिय हैं। ये हमले रुके नहीं हैं और सरकारी तंत्र इन्हें रोकने तथा फिल्म इंडस्ट्री के लोगों की सुरक्षा करने में नाकाम रहा है। आज टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ है। हम गहरी चिंता के साथ पूछते हैं कि अगला नंबर किसका है?"
एआईसीडब्ल्यूए अध्यक्ष ने कहा, "अंडरवर्ल्ड का वह खौफ, जिसे कभी काबू में कर लिया गया था, 2026 में मुंबई की सड़कों पर फिर लौट आया है। किसी ने नहीं सोचा था कि ऐसा दौर दोबारा आएगा। सिर्फ बयान देने से काम नहीं चलेगा, बॉलीवुड को वास्तविक सुरक्षा की जरूरत है। भारी-भरकम टैक्स चुकाने के बावजूद, फिल्म इंडस्ट्री सवाल पूछती है? इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा, इसके लोगों पर फायरिंग कब रुकेगी और अंडरवर्ल्ड का यह खौफ कब खत्म होगा? मुंबई को 1990 के दशक के उस अंडरवर्ल्ड वाले दौर में वापस नहीं जाने दिया जाएगा और बॉलीवुड को डर के साये में काम करने के लिए मजबूर नहीं होने दिया जाएगा।"
एआईसीडब्ल्यूए ने कहा,"फिल्म इंडस्ट्री में लाखों लोग काम करते हैं। उनकी कमाई इस बात पर निर्भर करती है कि शूटिंग बिना किसी रुकावट के चलती रहे। डर का माहौल सेट, स्टूडियो, शेड्यूल और निवेश को प्रभावित करता है, और इसका सबसे पहला और बुरा असर दिहाड़ी मजदूरों पर पड़ता है। अगर बॉलीवुड कलाकारों पर इस तरह के हमले होते रहे और अंडरवर्ल्ड का डर बना रहा, तो फिल्म इंडस्ट्री के बड़े कलाकार और मशहूर हस्तियां डर के मारे मुंबई छोड़कर कहीं और जाने के लिए मजबूर हो सकती हैं। यह फिल्म इंडस्ट्री, हजारों परिवारों की आजीविका, मुंबई की पहचान और पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान होगा। अगर टाइगर श्रॉफ जैसी मशहूर हस्ती शहर के बीचों-बीच सुरक्षित नहीं है, तो एक आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकता है?"
'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (एआईसीडब्ल्यूए) टाइगर श्रॉफ और उनके परिवार को बिना किसी देरी के पर्याप्त और प्रभावी सुरक्षा मुहैया कराई करने की मांग की है। इसके साथ ही गृह मंत्री से मांग की है कि एनआईए सहित संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को निर्देश दिया जाए कि वे महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर उन गैंग नेटवर्क, उनके हैंडलर्स और उन्हें फंड देने वालों की जांच करें, जो टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले और इससे पहले हुए हमलों के पीछे हैं। गोली चलाने वालों और उन्हें ऐसा करने का आदेश देने वालों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और जबरन वसूली करने वाले इस नेटवर्क को तोड़ा जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनों के तहत फास्ट-ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चले, ताकि दोषियों को बिना किसी देरी के सजा मिल सके।
फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा के लिए एक विशेष टास्क फोर्स बनाई जाए, बार-बार हो रही इन घटनाओं के लिए जिम्मेदारी तय की जाए, बॉलीवुड से गैंगस्टरों के खौफ को हमेशा के लिए खत्म किया जाए और की गई कार्रवाई पर एक समय-सीमा के भीतर रिपोर्ट दी जाए।
TagsAICWA
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story