न्यूज
एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स: दूसरे दिन भारतीय एथलीटों ने तीन कांस्य पदक जीते
jantaserishta.com
11 July 2026 8:37 AM IST

x
नई दिल्ली: चीन के ओर्डोस में आयोजित एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। मिडिल-डिस्टेंस धावकों शकील और भूमेश्वरी देवी हुइड्रोम ने 800 मीटर स्पर्धाओं में कांस्य जीतकर भारत का खाता खोला, जबकि स्प्रिंटर अभय सिंह ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में तीसरा कांस्य पदक दिलाया।
पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा में शकील ने 1 मिनट 48.78 सेकंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। भारत के ही विनोद कुमार बी भी फाइनल में उतरे, लेकिन 1 मिनट 49.10 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रह गए और पदक से मामूली अंतर से चूक गए।
महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में भूमेश्वरी देवी हुइड्रोम ने 2 मिनट 10.20 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में भारत की दूसरी धाविका वैष्णवी राजेंद्र रावल 2 मिनट 10.83 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। उज्बेकिस्तान की जॉनबीबी हुकमोव ने 2 मिनट 8.41 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि जापान की कुरुमी सुगुरे ने रजत पदक अपने नाम किया।
पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा में अभय सिंह ने 20.96 सेकंड का समय निकालते हुए कांस्य पदक हासिल किया। यूथ नेशनल रिकॉर्ड धारक अभय इससे पहले पेरिस पैरालिंपिक में पदक विजेता सिमरन शर्मा के गाइड रनर भी रह चुके हैं। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन के यूवेन हुआंग (20.43 सेकंड) और रजत जापान के कोटा उएमात्सु (20.58 सेकंड) ने जीता।
अन्य स्पर्धाओं में भारत के शारूक खान पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में 9:14.14 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। वहीं अभिजीत संजय भोसले डेकाथलॉन में 6610 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
इससे पहले, पहले दिन भारतीय दल ने शानदार शुरुआत करते हुए मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीता था। आस्तिक प्रधान, सैंड्रामोल साबू, सेतु मिश्रा और श्रावणी सचिन सांगले की चौकड़ी ने 3:18.64 का समय निकालकर चीन और फिलीपींस को पीछे छोड़ा था। पहले दिन भारत ने पुरुषों की 5000 मीटर, डिस्कस थ्रो और महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी पदक जीतकर मजबूत शुरुआत की थी। दूसरे दिन के तीन कांस्य पदकों के साथ भारतीय दल ने प्रतियोगिता में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





