न्यूज
एप्पल ने ओपनएआई पर लगाया तकनीक चोरी का आरोप, गोपनीय जानकारी और आने वाले प्रोडक्ट्स के सीक्रेट्स चुराने का दावा
jantaserishta.com
11 July 2026 11:53 AM IST

x
नई दिल्ली: दिग्गज टेक कंपनी एप्पल ने एआई कंपनी ओपनएआई और उसके हार्डवेयर प्रमुख के खिलाफ बड़ा कानूनी कदम उठाया है। एप्पल ने आरोप लगाया कि ओपनएआई ने सुनियोजित तरीके से उसके आने वाले प्रोडक्ट्स से जुड़ी गोपनीय जानकारी, डिजाइन और तकनीकी दस्तावेज हासिल करने की कोशिश की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैलिफोर्निया के नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दायर मुकदमे में एप्पल ने कहा कि ओपनएआई के मुख्य हार्डवेयर अधिकारी टैंग टैन ने नौकरी के इंटरव्यू के दौरान एप्पल के कर्मचारियों को कंपनी के आने वाले प्रोडक्ट्स से जुड़ी जानकारी, कंपोनेंट्स, ड्रॉइंग और अन्य गोपनीय सामग्री साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
टैंग टैन पहले एप्पल में प्रोडक्ट डिजाइन के वाइस प्रेसिडेंट रह चुके हैं। उन्होंने आईफोन, एप्पल वॉच, एयरपॉड्स और कंपनी के कई अन्य हार्डवेयर प्रोडक्ट्स का नेतृत्व किया था। मुकदमे में पूर्व आईफोन हार्डवेयर इंजीनियर चांग लियू का भी नाम शामिल है। एप्पल का आरोप है कि चांग लियू ने ओपनएआई के लिए हार्डवेयर विकसित करने के दौरान गैरकानूनी तरीके से एप्पल की दर्जनों गोपनीय हार्डवेयर फाइलों तक पहुंच बनाई। इन फाइलों में अभी तक लॉन्च नहीं हुए प्रोडक्ट्स से जुड़ी विस्तृत तकनीकी जानकारी और इंजीनियरिंग प्रेजेंटेशन शामिल थे।
एप्पल ने यह भी आरोप लगाया कि ओपनएआई ने कई कर्मचारियों को यह सलाह दी कि वे कंपनी छोड़ते समय इस तरह कदम उठाएं, जिससे गोपनीय फाइलों तक उनकी पहुंच बनी रहे। हालांकि, ओपनएआई ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। कंपनी का कहना है कि उसे किसी दूसरी कंपनी के व्यापारिक रहस्यों में कोई दिलचस्पी नहीं है और वह ऐसी नई तकनीक विकसित करने पर ध्यान दे रही है, जो दुनिया भर के लोगों को सशक्त बनाए।
हाल के वर्षों में एप्पल और ओपनएआई के बीच करीबी साझेदारी रही है। ओपनएआई ने एप्पल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म और सिरी डिजिटल असिस्टेंट के लिए अहम तकनीक उपलब्ध कराई थी। लेकिन पिछले एक साल में दोनों कंपनियों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया। इसकी एक वजह ओपनएआई द्वारा एप्पल के पूर्व चर्चित डिजाइन प्रमुख जॉनी इवे को नए डिवाइस विकसित करने के लिए अपने साथ जोड़ना भी बताया गया है।
मुकदमे में एप्पल ने यह भी दावा किया है कि ओपनएआई ने अपने प्रस्तावित आईपीओ से कुछ महीने पहले एप्पल के करीब 400 कर्मचारियों को अपने साथ जोड़ लिया। एप्पल का आरोप है कि तकनीकी स्टाफ से लेकर मुख्य हार्डवेयर अधिकारी तक, हर स्तर पर ओपनएआई ने अपने व्यावसायिक सहयोगियों के साथ मिलकर एप्पल के व्यापारिक रहस्य और गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की।
एप्पल ने अदालत से मांग की है कि ओपनएआई उसके सभी स्वामित्व वाले गोपनीय दस्तावेज और सामग्री नष्ट करे तथा कथित रूप से कॉपी की गई तकनीक को हटाकर अपने आने वाले प्रोडक्ट्स का दोबारा डिजाइन तैयार करे।
Tagsओपनएआई
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





