न्यूज
अमेरिका के शिकागो में सड़क हादसे में एक भारतीय छात्रा की मौत
jantaserishta.com
18 May 2026 11:29 AM IST

x
शिकागो: अमेरिका में शिकागो के पास एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय भारतीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। इसकी पुष्टि सोमवार को अधिकारियों ने की। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार देर रात (अमेरिकी समयानुसार) इंडियाना के लेक काउंटी में क्राउन पॉइंट के पास इंटरस्टेट 65 राजमार्ग पर हुई।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृत छात्रा की पहचान नव्या गडुसु के रूप में हुई है। लेक काउंटी कोरोनर कार्यालय ने पुष्टि की है कि रविवार को रात 12:16 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में गंभीर चोट लगने की वजह से गडुसु की मौत हो गई।
शिकागो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस हादसे में जान गंवाने वाले छात्रा की मृत्यु पर दुख जताया और कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ लगातार संपर्क में है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, ''शिकागो के पास एक सड़क दुर्घटना में भारतीय छात्रा नव्या गडुसु के निधन से हम बेहद दुखी हैं। इस कठिन समय में हम उनके परिवार और मित्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। दूतावास मृतक के परिवार के संपर्क में है। हम उन मित्रों और समुदाय के सदस्यों के भी संपर्क में हैं जो दुर्घटना में घायल हुए लोगों की सहायता कर रहे हैं।"
इंडियाना स्टेट पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार रात लगभग 11:15 बजे हुई। जांचकर्ताओं ने बताया कि सात वयस्कों को ले जा रही एक लाल मिनीवैन लगभग 10 से 15 मील प्रति घंटे की बहुत धीमी गति से एक अन्य वाहन के पीछे चल रही थी, जिसमें कथित तौर पर कुछ तकनीकी खराबी थी।
पुलिस ने बताया कि पीछे से आ रही एक अन्य कार का चालक मिनीवैन की धीमी गति को समझ नहीं पाया और टक्कर से बचने के प्रयास में उसने बाईं ओर मुड़ने की कोशिश की। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि वाहन ने मिनी वैन के बाएं हिस्से में जोरदार टक्कर मारी, जिससे वैन सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तकनीकी खराबी से ग्रस्त वह वाहन, जिसका मिनीवैन पीछा कर रही थी, टक्कर में शामिल नहीं था। जांच के दौरान जारी की गई अतिरिक्त जानकारी से पता चला कि मिनीवैन में केवल दो आगे की सीटें लगी हुई थीं। दुर्घटना से संबंधित परिस्थितियों की जांच इंडियाना स्टेट पुलिस कर रही है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





