न्यूज
अमरनाथ यात्रा: बाबा बर्फानी के दर्शन को श्रद्धालुओं में उत्साह, बोले- पूरे साल रहता है इस दिन का इंतजार
jantaserishta.com
2 July 2026 11:55 AM IST

x
जम्मू: अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। गुरुवार को यात्रा के पहले जत्थे के रवाना होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप में पहुंचे। बाबा बर्फानी के दर्शन की आस लिए श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह और भक्ति का माहौल नजर आया।
उधमपुर से आए एक श्रद्धालु ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से लगातार अमरनाथ यात्रा कर रहे हैं। इस बार उन्हें पहले ही दिन दर्शन का मौका मिला है, जिससे उनकी खुशी दोगुनी हो गई है।
उन्होंने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। इस बार पहले दिन बाबा के दर्शन का अवसर मिला है। इसे लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। सुरक्षा व्यवस्था भी बहुत अच्छी है।" जम्मू से यात्रा पर निकले एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि यह उनकी दूसरी अमरनाथ यात्रा है। उन्होंने कहा, "मौसम बेहद सुहावना है और सुरक्षा के इंतजाम शानदार हैं। यहां डरने जैसी कोई बात नहीं है।"
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि वह पूरे साल इस दिन का इंतजार करते हैं, ताकि पहले दिन बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा, "कुछ ही देर में हम भगवती नगर बेस कैंप से पवित्र गुफा के लिए रवाना होंगे। श्रद्धालुओं के मन में किसी तरह का डर या चिंता नहीं है।"
एक महिला श्रद्धालु ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं बहुत उत्साहित हूं। बाबा के दर्शन का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। यहां आकर खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रही हूं। हम पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा की पूजा-अर्चना करेंगे।"
वहीं, एक श्रद्धालु ने कहा, "मैं हर बार बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आता हूं। कभी कोई चिंता या डर नहीं होता। हर बार यात्रा अच्छी तरह संपन्न होती है। मैं यही कहना चाहता हूं कि सभी लोग धर्म के अनुसार चलें, एक-दूसरे का सहयोग करें और आपसी भाईचारे के साथ रहें।" एक अन्य श्रद्धालु ने कहा, "हर साल इसी उत्साह और जोश के साथ श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा पर आते रहें, और यह पवित्र यात्रा लगातार आगे बढ़ती रहे।"
Tagsअमरनाथ यात्रा
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





