न्यूज
मोरक्को के खिलाफ अहम मैच से पहले स्कॉटलैंड के कप्तान रॉबर्टसन बोले, 'हमें अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा है'
jantaserishta.com
19 Jun 2026 10:27 AM IST

x
फॉक्सबोरो: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्कॉटलैंड के पास शनिवार को इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। बोस्टन स्टेडियम में टीम की अहम मुकाबले में मोरक्को से भिड़ंत होनी है। स्कॉटलैंड की टीम अगर मोरक्को के खिलाफ जीत दर्ज करने में सफल रहती है, तो वह पहली बार विश्व कप के नॉकआउट चरण में अपनी जगह बना लेगी।
स्कॉटलैंड टीम के कप्तान एंडी रॉबर्टसन का कहना है कि टीम इस चुनौती के लिए पूरी तरह से तैयार है। स्कॉटलैंड ने अपने पहले मैच में हैती को 1-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शानदार शुरुआत की है। इस जीत के बाद टीम ग्रुप सी में पहले स्थान पर मौजूद है। मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान एंडी रॉबर्टसन ने कहा कि पूरी टीम इस चुनौती के लिए तैयार है और किसी भी दबाव से पीछे नहीं हट रही है। उन्होंने कहा, "हम अपने देश के लिए वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली पहली स्कॉटिश टीम बनना चाहते हैं। यह हमारे लिए बहुत बड़ा मौका है। हम जानते हैं कि हमारे सामने दुनिया की बेहतरीन टीमों में से एक है, लेकिन हमें अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा है।"
रॉबर्टसन ने कहा कि स्कॉटलैंड की टीम किसी भी मुकाबले को कठिन बना सकती है। कप्तान के अनुसार, यदि खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं तो टीम इतिहास रचने में सफल हो सकती है। हालांकि, स्कॉटलैंड के सामने आसान चुनौती नहीं होगी। मोरक्को फीफा विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर है और स्कॉटलैंड से 31 स्थान ऊपर है। मोरक्को ने 2022 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। मोरक्को हाल के वर्षों में अफ्रीकी फुटबॉल की सबसे मजबूत टीमों में से एक बनकर उभरा है।
रॉबर्टसन ने मोरक्को की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी टीम में हर विभाग में बेहतरीन खिलाड़ी हैं और वे किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं। फिर भी उन्होंने विश्वास जताया कि स्कॉटलैंड के प्लेयर्स बड़े मुकाबलों में खुद को साबित करना जानते हैं। उन्होंने कहा, "क्वालिफाइंग दौर में भी कई बार लोगों को हम पर भरोसा नहीं था, लेकिन हमने लगातार अच्छा प्रदर्शन करके यहां तक का सफर तय किया। अब हमारा पूरा ध्यान अपने खेल पर है। दोनों टीमें जीतना चाहती हैं, लेकिन हमें उम्मीद है कि मैच खत्म होने के बाद मुस्कुराने वाली टीम स्कॉटलैंड होगी।"
Tagsस्कॉटलैंड
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





