न्यूज
ईमानदारी और विकास के दम पर 2027 में चुनाव जीतेगी आम आदमी पार्टी: अमन अरोड़ा
jantaserishta.com
15 Jun 2026 8:38 AM IST

x
मोहाली: पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पूरी तरह तैयार है और यदि कल भी चुनाव हो जाएं तो पार्टी उसका स्वागत करेगी।
मोहाली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि आप की राजनीति दो मूल सिद्धांतों ईमानदारी और विकास पर आधारित है, जिनके बल पर पार्टी जनता के बीच लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।
मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक सोच का केंद्र ईमानदार शासन और विकास कार्यों के माध्यम से लोगों की सेवा करना है। पंजाब में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं और सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। इसी वजह से पार्टी चुनावी मुकाबले के लिए पहले दिन से तैयार है।
इस दौरान अरोड़ा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12-13 वर्षों में जहां भाजपा को जनता का समर्थन या स्पष्ट जनादेश नहीं मिला, वहां उसने केंद्रीय एजेंसियों और संस्थाओं का राजनीतिक उपयोग किया।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रवृत्तियां लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करती हैं और देश के लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा करती हैं। अरविंद केजरीवाल इस तरह की राजनीति के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और आप इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगी।
चुनावी समर्थन के सवाल पर मंत्री ने कहा कि राजनीति में सबसे बड़ा फ्लोर टेस्ट चुनाव होता है। उनके अनुसार अब तक हुए विभिन्न चुनावों में सरपंच, ब्लॉक और जिला निकाय, नगर निगम तथा अन्य स्थानीय निकायों के चुनाव शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को इन चुनावों में अपेक्षित सफलता नहीं मिली और जनता ने उसे नकार दिया है।
मोहाली में आप के नवनिर्वाचित मेयर के सम्मान और धन्यवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हुए। पार्टी नेताओं ने इसे पंजाब में आप के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताया। अरोड़ा ने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ यह दर्शाती है कि राज्य में आप की स्थिति मजबूत है और आगामी विधानसभा चुनावों में भी पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिलने की उम्मीद है।
Tagsअमन अरोड़ा
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





