न्यूज
बंगाल की खाड़ी में 4.5 तीव्रता का भूकंप, विशाखापत्तनम समेत कई इलाकों में महसूस हुए झटके
jantaserishta.com
12 July 2026 1:40 PM IST

x
विशाखापत्तनम: रविवार तड़के बंगाल की खाड़ी में आए 4.5 तीव्रता के भूकंप से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और आसपास के कई जिलों में हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 5:05 बजे आए इन झटकों से कुछ देर के लिए लोगों में परेशानी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली।
भूकंप के झटके विशाखापत्तनम शहर के गाजुवाका, मंगलापालेम, सागर नगर, पेड्डा वाल्टेयर, अरिलोवा, एमवीपी कॉलोनी, अप्पुघर सहित कई इलाकों में महसूस किए गए। इसके अलावा अनकापल्ली, विजयनगरम, काकीनाडा और कोनसीमा जिलों के कुछ हिस्सों से भी झटके महसूस होने की खबरें सामने आई हैं।
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) के अनुसार, रविवार सुबह बंगाल की खाड़ी में रिक्टर पैमाने पर 4.5 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया, जिसके कारण विशाखापत्तनम के कई इलाकों में कंपन महसूस हुआ।
वहीं, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि भूकंप सुबह 5:05:46 बजे आया। इसका केंद्र बंगाल की खाड़ी में काकीनाडा तट से लगभग 225 किलोमीटर दूर स्थित था। भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई। इसका केंद्र 16.805 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.381 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से अपेक्षाकृत स्थिर माना जाता है और धरती की आंतरिक संरचनात्मक हलचल के कारण हल्के झटके महसूस हुए हैं। इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष नवंबर में भी विशाखापत्तनम और अल्लूरी सीताराम राजू जिले में हल्का भूकंप आया था। इससे पहले 4 नवंबर 2015 को अल्लूरी जिले में 3.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। उस समय तेज आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए थे, लेकिन तब भी किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली थी। उस भूकंप का केंद्र जी. मडुगुला क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर था, जो विशाखापत्तनम से लगभग 110 किलोमीटर दूर स्थित था।
Tagsबंगाल की खाड़ी
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





