भारत

फर्जी मंत्री के नाम पर नौकरी की सिफारिश, जुल्फिकार अली गिरफ्तार

SHIDDHANT
21 Nov 2026 11:13 PM IST
फर्जी मंत्री के नाम पर नौकरी की सिफारिश, जुल्फिकार अली गिरफ्तार
x
CID ने संभाली जांच
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सरकारी भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए मंत्री की फर्जी पहचान इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को मंत्री खुदीराम टुडू बताकर स्कूल सेवा आयोग (SSC) की भर्ती प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने की कोशिश की। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी जुल्फिकार अली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी उत्तर 24 परगना जिले के देगंगा इलाके से की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब पश्चिम बंगाल की अपराध जांच शाखा (CID) ने जांच अपने हाथ में ले ली है। जानकारी के अनुसार, स्कूल सेवा आयोग के सचिव की ओर से बिधाननगर ईस्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि एक व्यक्ति ने मंत्री खुदीराम टुडू के नाम का इस्तेमाल करते हुए फर्जी पहचान बनाई और भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जुल्फिकार अली को गिरफ्तार किया।


CID ने अपने हाथ में ली जांच
पश्चिम बंगाल सीआईडी के महानिदेशक नटराजन रमेश बाबू ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एसएससी सचिव की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सीआईडी ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। उन्होंने बताया कि अब सीआईडी इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि आरोपी ने मंत्री की फर्जी पहचान का इस्तेमाल क्यों किया और भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने के पीछे उसका वास्तविक मकसद क्या था।
भर्ती में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश
डीजी सीआईडी नटराजन रमेश बाबू ने बताया कि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री की ओर से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। किसी भी व्यक्ति के प्रभाव या दबाव के बिना नियुक्तियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आरोपी ने व्हाट्सऐप के माध्यम से एसएससी सचिव से संपर्क किया था। उसने कथित तौर पर शिक्षक भर्ती और ग्रुप-डी पदों पर कुछ लोगों की नियुक्ति कराने के लिए मंत्री के नाम का इस्तेमाल किया।
पांच दिन की पुलिस हिरासत में आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी जुल्फिकार अली को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। सीआईडी अब व्हाट्सऐप संदेशों, संभावित आर्थिक लेनदेन और अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की जांच कर रही है। मंत्री खुदीराम टुडू ने भी उनके नाम का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Next Story