
x
नागरिकों को निशाना बना रहा मॉस्को; कड़े प्रतिबंधों की मांग
Delhi दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में रूस ने यूक्रेन के नागरिक ढांचे को निशाना बनाया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर एक बार फिर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''सोमवार को रूस ने एक बार फिर सिर्फ आम नागरिकों की जगहों-ओडेसा में सामान्य यात्री बसें, जापोरिज्जिया में आम रिहायशी इमारतें और खार्कीव क्षेत्र का एक साधारण अस्पताल को निशाना बनाया।
जेलेंस्की ने कहा कि रूस लोगों की जिंदगी के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए है, यह साबित करता है कि यूक्रेन का साथ देना हर नजरिए से सही है। सुरक्षा के लिए, राजनीतिक तौर पर और सबसे बढ़कर इंसानियत के लिए। उन्होंने कहा कि दुनियाभर के लोग यह देख रहे हैं। वे देख रहे हैं कि यूक्रेन को और मजबूत हवाई सुरक्षा की जरूरत है। लोगों की जान बचाने के लिए और बेहतर सुरक्षा चाहिए। वे यह भी देख रहे हैं कि रूस की सरकार इस युद्ध को लेकर पूरी तरह गैर-तर्कसंगत हो चुकी है और इसे खत्म करने से लगातार इनकार कर रही है।
जेलेंस्की ने कहा कि रूस पर दबाव असरदार होना चाहिए। हमलावर के खिलाफ नए प्रतिबंध, यूक्रेन के लिए नए सहायता पैकेज और हमारी यूरोपीय एंटी-बैलिस्टिक पहल 'फ्रेया' जैसे नए प्रोजेक्ट इन सभी को मिलकर असर दिखाना होगा। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि मदद करने वाले हर व्यक्ति का धन्यवाद। आने वाले दिनों में कई बैठकें और बातचीत होंगी, जिनसे हमारी सुरक्षा को और मजबूत बनाने की उम्मीद है।
इससे पहले शनिवार को यूक्रेन ने रूस के समारा इलाके में मौजूद सिजरान रिफाइनरी पर जबरदस्त हमला किया था। यूक्रेन रक्षा मंत्रालय के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट के अनुसार, उसने रूस की सिजरान ऑयल रिफाइनरी पर बड़े ड्रोन हमले किए। यूक्रेन के बिना पायलट वाले हवाई वाहनों (यूएवी) ने रूस के कब्जे वाली कई जगहों को निशाना बनाया। यह रूस की सबसे बड़ी तेल कंपनी रोजनेफ्ट की प्रमुख रिफाइनरियों में से एक है और यहां रूस के कुल कच्चे तेल का लगभग तीन प्रतिशत रिफाइन किया जाता है।
Next Story





